झांसी। चार फरवरी को राज्यपाल/कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल के झांसी आगमन को लेकर जारी कयास पर विराम लग गया है। अब यह तय हो गया है कि राज्यपाल पांच फरवरी को ही झांसी आएंगी। वह अधिकारियों के साथ बैठक कर सरकारी योजनाओं की हकीकत परखेंगी। इसके अलावा योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद करने के अलावा प्रशस्ति पत्र भी देंगी।
मंगलवार को बीयू में कुलपति प्रो. जेवी वैशम्पायन की अध्यक्षता में हुई बैठक में डीएम ने बताया कि राज्यपाल दीक्षांत समारोह में भाग लेंगी। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगी। वह योजनाओं की समीक्षा के साथ प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण व शहरी, मिशन शक्ति अंतर्गत बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के पांच-पांच लाभार्थियों और कृषि उत्पादक समूह के सदस्यों से संवाद भी करेंगी। टीबी उन्मूलन अधिकारी को निर्देश दिए कि दस ऐसे मरीज जिन्हें गोद लिया गया है, उन्हें चिह्नित करने के भी निर्देश दिए गए। इनसे भी राज्यपाल बात करेंगी। बैठक में एसएसपी दिनेश कुमार पी, सीडीओ शैलेष कुमार, नगर आयुक्त अवनीश कुमार राय, एसपी सिटी विवेक त्रिपाठी, उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव मौजूद रहे।
विभागीय स्टॉल लगाए
बीयू के ऑडिटोरियम सभागार में बैठक का आयोजन होगा। सभागार के बाहर विभागीय स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। संबंधित विभागीय अधिकारी स्थलों पर प्रचार-प्रसार व योजनाओं की जानकारी देते हुए स्वयं उपस्थित रहेंगे।