राजघाट बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी से शनिवार को माताटीला बांध का जलस्तर बढ़ता रहा। देर रात तक बांध दस फीट खाली रह गया था। हालांकि, सात फीट और भरते ही बांध से रविवार की दोपहर तक पानी छोड़े जाने की उम्मीद है। वहीं, बांध का मनोरम दृश्य देखने के लिए सैकड़ों की संख्या में पर्यटक पहुंचने लगे हैं।
मध्य प्रदेश के भोपाल क्षेत्र में हो रही झमाझम बारिश से ललितपुर स्थित राजघाट बांध शुक्रवार को लबालब हो गया था। नतीजतन, राजघाट बांध अपने पूर्ण जलस्तर 370.90 मीटर के सापेक्ष 368.90 मीटर भर चुका है। बांध में एकाएक पानी न बढ़ जाए, इस कारण शुक्रवार की शाम छह बजे 18 में से तीन गेट एक-एक मीटर खोलकर 16 हजार क्यूसेक पानी बेतवा नदी में छोड़ा गया।
रात 11 बजे से 33 हजार क्यूसेक, सुबह छह बजे से 75 हजार क्यूसेक, सुबह आठ बजे 1.22 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। शनिवार देर रात छह गेट डेढ़ मीटर व चार गेट एक मीटर पर खोलकर 75 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। वहीं, बेतवा नदी से माताटीला बांध में दोपहर बाद पानी बढ़ना शुरू हुआ।
रात तक बांध कुल क्षमता 1012 फीट के सापेक्ष 1002 फीट भर गया। डैम प्रभारी जीके मौर्या के अनुसार बांध का जलस्तर जब 1009 फीट तक पहुंच जाएगा। इसके बाद ही आगे नदी में पानी छोड़ा जाएगा। रविवार की दोपहर तक पानी छोड़ा जा सकता है।