अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बरुआसागर के धमना गांव में पिकनिक मनाने पहुंचे युवक की नहर में नहाते समय डूबने से मौत हो गई, जबकि भाई और जीजा नहाते रहे। शराब के नशे में होने से उनको इसका पता तक नहीं चला। करीब छह घंटे बाद उसकी मौत की बात मालूम चली। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया। युवक की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
थाना टहरौली के बमनुआ गांव निवासी नीतू उर्फ हीरू (21) पुत्र मनोज रविवार सुबह अपने चचेरे भाई राजू, जीजा रंजीत एवं एक अन्य दोस्त के साथ पिकनिक मनाने बरुआसागर के धमना गांव गए थे।। चारों ने पहले यहां जमकर शराब पी। इसके बाद चारों नहर में नहाने लगे। अधिक शराब पीने से चारों नशे में चूर थे। इसी दौरान नीतू की गहरे पानी में चले जाने से डूबकर मौत हो गई जबकि भाई और जीजा और उसका दोस्त नहाते रहे। उनको इसकी भनक तक नहीं लगी। दोपहर करीब बारह बजे बरुआसागर थाने का दरोगा ने तीनों को फटकार कर वहां से भगा दिया, लेकिन तब भी उन्होंने नीतू के बारे में कुछ नहीं कहा। तीनों वापस गांव चले गए।
शाम करीब छह बजे ग्रामीण जब पहुंचे तब उनको नीतू की लाश उतराती दिखी। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। उसके बाद परिजन पहुंचे, तब जाकर मालूम चला कि नीतू की दोपहर में पार्टी के दौरान डूबने से मौत हो गई थी। नीतू दो भाइयों में बड़ा था। थानाध्यक्ष शिवजीत सिंह के मुताबिक, उन चारों के अत्यधिक शराब पीने से यह हादसा हुआ।