अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। नई बस्ती मोहल्ला निवासी सौरभ नामदेव (32) ने शनिवार रात अपने कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। रविवार सुबह उसके पिता ने फंदे से लटका उसका शव देखा। दो दिन पहले ही दिल्ली से झांसी लौटकर आया था। परिजन उसके सुसाइड की वजह नहीं बता सके, हालांकि आधी रात के बाद तक वह एक युवती से फोन पर बात कर रहा था। पुलिस ने उसके मोबाइल को कब्जे में ले लिया है।
परिजन ने पुलिस को बताया कि सौरभ दिल्ली में रहकर प्राइवेट काम करता था। करीब एक साल से वह झांसी नहीं आया था। दो दिन पहले ही वह झांसी आया। शनिवार रात पिता भगवान दास ने उसे साथ में खाना खाने के लिए बुलाया, लेकिन सौरभ बिना खाना खाए अपने कमरे में चला गया। आधी रात के बाद तक वह फोन पर बात करता रहा। रविवार सुबह करीब 7 बजे पिता भगवान दास जब उसके कमरे में पहुंचा, तो सौरभ का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देख पिता की चीख निकल गई। आसपास के लोग भी जमा हो गए। पुलिस भी पहुंच गई। कोतवाल राजेश सिंह का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।
पत्नी से अलग रहता था सौरभ
परिजन ने बताया कि सौरभ की शादी करीब 3 साल पहले हो चुकी थी, लेकिन दोनों की आपस में नहीं पटी। इस वजह से पत्नी ने सौरभ को छोड़ दिया। दोनों एक साल पहले अलग हो गए थे। जिस युवती से सौरभ बात कर रहा था, उसके बारे में भी परिवार के लोग कुछ नहीं बता सके।