अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। केशवपुर गांव निवासी मोहित वंशकार (24) ने ट्रेन के आगे कूदकर जान दे दी। उसका शव शनिवार शाम उनाव गेट के पास रेलवे पटरी पर पड़ा मिला। ट्रेन की चपेट में आने से शव दो टुकड़ों में बंट गया था। उसके पास मिले मोबाइल के जरिये उसकी शिनाख्त हो सकी। प्रारंभिक छानबीन में प्रेम प्रसंग की वजह से सुसाइड करने की बात मालूम चली है।
थाना सीपरी बाजार के केशवपुर गांव निवासी मोहित शादी-विवाह में सजावट का काम करता था। परिजनों ने बताया कि शनिवार को वह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। देर-शाम तक वह घर नहीं लौटा। उसकी बहन ने जब पता लगाने के लिए फोन किया, तब फोन पुलिस ने उठाया। पुलिस ने उसके सुसाइड कर लेने की बात बताई। उसकी मौत की सूचना मिलते ही परिवार में रोना-पिटना मच गया। परिवार के लोग कोतवाली जा पहुंचे। यहां फोटो देखकर उसकी शिनाख्त की। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि शाम को अचानक से मोहित रेल पटरी के पास पहुंचा। बाइक खड़ी करने के बाद उसने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी। कोतवाल विद्यासागर सिंह का कहना है कि मोहित के पास से मोबाइल बरामद हुआ है। वह अभी लॉक है। उसे खोलने की कोशिश की जा रही है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग का लग रहा है। इसकी आगे जांच की जा रही है।