- चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
संवाद न्यूज एजेंसी
बरुआसागर। बुधवार को थाना क्षेत्र के ग्राम बारेई में एक युवक ने खेत में लगे आंवले के पेड़ से फंदा लगाकर जान दे दी। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
क्षेत्र के ग्राम बारेई निवासी करनजू (35) अपने खेत पर पत्नी और परिजनों के साथ फसल कटाई का कार्य कर रहा था। तभी अचानक करनजू खेत पर कुछ दूरी पर लगे आंवले के पेड़ के पास आकर बैठ गया। घर के अन्य पत्नी, परिजन खेत कटाई में व्यस्त हो गए। इस दौरान लगभग दो बजे के करीब करनजू ने आंवले के पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। करनजू द्वारा फांसी लगाए जाने की घटना देखकर परिजन में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई। जिसके चलते थाना प्रभारी शिवजीत सिंह राजावत और चौकी प्रभारी नवाब सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके घटनापर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटनास्थल का निरीक्षण करने के उपरांत थाना प्रभारी शिवजीत सिंह राजावत ने बताया कि मृतक के परिजन द्वारा कोई दोषारोपण नहीं किया गया है। मृतक का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों ने बताया कि मृतक करनजू की तीन बेटियां और एक बेटी है।