ट्रांसपोर्ट में काम करने वाले एक कर्मचारी की बुधवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। लोगों ने गेट तोड़कर शव को बाहर निकाला। मौत का कारण अटैक माना जा रहा है।
चित्रकूट के कर्वी अंतर्गत पुरानी बाजार निवासी दिलीप कुमार गुप्ता शिवाजी नगर स्थित एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते थे। वह शिवाजी नगर में किराए से रहते थे। मंगलवार की रात वह खाना खाकर अपने कमरे पर सोने चले गए। बुधवार सुबह उनकी पत्नी मिथलेश ने दिलीप के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
उन्होंने ट्रांसपोर्ट मालिक को फोन लगाकर जानकारी दी। वह तुरंत दिलीप के कमरे पर पहुंचे। काफी देर तक वह गेट खटखटाते रहे, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। उन्होंने लोगों के साथ मिलकर गेट तोड़कर अंदर जाकर देखा तो वह अचेत हालत में पड़े थे। आनन-फानन उनको उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।