अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। निवाड़ी (मध्य प्रदेश) के थाना पृथ्वीपुर के कुंवरपुरा गांव में जमीन के विवाद में पड़ोसियों ने घर में घुसकर विमलेश यादव (56) की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हमले में उसके पति, देवर, देवरानी समेत बहू भी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को मेडिकल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हमलावर घर से भाग निकले। उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस उनको तलाश रही है।
कुंवरपुरा गांव के रमेश यादव का पड़ोस में रहने वाले तिलक यादव से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार दोपहर करीब दो बजे आरोपी रमेश के घर में घुस आए। उस समय रमेश समेत उसकी पत्नी विमलेश, देवर सुरेश, देवरानी एवं बहू पूनम घर में थीं। हमलावरों के हाथों में कुल्हाड़ी थी। उन्होंने रमेश पर हमला कर दिया। उसे बचाने के लिए विमलेश के आगे आने पर हमलावरों ने उस पर कुल्हाड़ी से तबाड़तोड़ कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घर में मौजूद पूनम, सुरेश एवं उसकी पत्नी पर कुल्हाड़ी से हमला किया। चीख पुकार सुनकर गांव के अन्य लोग पहुंच गए। उनको आता देख हमलावर भाग निकले। सभी को लहूलुहान हाल में देख गांव वाले उनको लेकर पृथ्वीपुर सीएचसी पहुंचे। एमपी पुलिस भी वहां पहुंची। आसपास के लोगों से पूछताछ की। अत्यधिक खून बह जाने से सभी को रात में झांसी मेडिकल अस्पताल रेफर कर दिया गया। यहां सभी को आईसीयू में भर्ती कराया गया था। मंगलवार देर-रात विमलेश ने दम तोड़ दिया जबकि अन्य की हालत नाजुक बनी हुई है। उधर, घटना के बाद हमलावर घरों से भाग निकले। पुलिस उनको तलाश रही है। नवाबाद निरीक्षक रवि श्रीवास्तव का कहना है अत्यधिक चोट आने से महिला की मौत हुई है। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।