सोमवार शाम सीपरी बाजार के पंचवटी क्रॉसिंग के पास ह्दय विदारक घटना सामने आई। बेटे से झगड़ने के बाद महिला अपने दो नातियों को गोद में लेकर रेल पटरी पर जा बैठी। वहां मौजूद लोगों ने उसे हटाने की कोशिश की लेकिन, वह नहीं हटी। ट्रेन आने पर वहां मौजूद एक युवक ने साहस दिखाकर किसी तरह दोनों नातियों को किसी तरह खींचकर बचा लिया लेकिन, महिला की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। दोनों मासूम बच्चों को पुलिस ने उसके पिता के हवाले कर दिया।
कोतवाली के अली गोल मोहल्ले में रहने वाला दीपक प्राइवेट काम करता है। पड़ोसियों ने पुलिस को बताया कि दीपक शराब पीने का आदी है। इस वजह से कई साल पहले पत्नी तीन बच्चों समेत उसे छोड़कर चली गई। तीनों बच्चों का लालन-पालन दीपक की मां माधुरी (49) करती थीं। पड़ोसियों के मुताबिक दीपक अक्सर मां से भी विवाद करता था। मां के समझाने के बावजूद शराब पीना नहीं छोड़ रहा था। सोमवार को भी दीपक का मां से झगड़ा हुआ।
नाराज होकर माधुरी अपने दो नाती अंशिका (3) एवं दिव्यांश (2) को लेकर पंचवटी रेलवे क्रासिंग पहुंच गई। यहां दोनों को गोद में लेकर रेल पटरी पर जा बैठीं। वहां मौजूद लोगों ने उसे हटाने की कोशिश की। उसी समय अचानक ट्रेन आ गई। वहां मौजूद युवक ने साहस दिखाते हुए दोनों बच्चों को पटरी से घसीट लाया जबकि महिला ट्रेन की चपेट में आने से कट गई। हादसे से वहां खलबली मच गई।
सूचना पर सीपरी बाजार पुलिस भी पहुंच गई। सीपरी बाजार इंस्पेक्टर आनंद सिंह के मुताबिक बेटे से विवाद के बाद महिला ने ट्रेन से कटकर जान दी। बेटा शराब के नशे में विवाद करता था। आगे मामले की छानबीन की जा रही है। दोनों बच्चों को पिता के हवाले कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: मुरादाबाद के निर्यात फर्म में कर्मचारी की हत्या, पांच घंटे तक हंगामा, मालिक- बेटे और मैनेजर पर केस