अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल के बार में बृहस्पतिवार देर रात शराब मांगने पहुंची हंसारी निवासी महिला ने जमकर हंगामा किया। होटल कर्मचारियों के साथ गालीगलौज करते हुए चप्पल से मारने की कोशिश की। इस दौरान होटल के दरवाजे का कांच भी टूट गया। सूचना पर पहुंची नवाबाद पुलिस के साथ भी महिला ने अभद्रता की। महिला पुलिसकर्मियों की मदद से उसे हिरासत में लेकर जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के लिए ले जाया गया। वहां भी उसने हंगामा किया। स्नातक विधान परिषद निर्वाचन के चलते शराब की बिक्री पर
रोक थी। रात करीब 12:30 बजे एक महिला युवक के साथ बाइक से रेलवे स्टेशन रोड स्थित होटल पहुंची और शराब मांगी। कर्मचारियों के बार बंद होने और शराब नहीं मिलने की बात कहने पर वह नाराज हो गई। आरोप है कि कर्मचारियों के समझाने पर महिला ने चप्पल उतारकर उनको मारने के लिए दौड़ा लिया। हंगामे की सूचना पर पहुंची महिला पुलिसकर्मी से भी अभद्रता की। कई रसूखदार लोगों का नाम लेकर वह धमका रही थी। नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव के मुताबिक महिला का चालान किया गया।