संवाद न्यूज एजेंसी
चिरगांव। आजादी के वीर शहीदों की याद में नगर में तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस दौरान समाजसेवियों ने लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान किया।
यात्रा का शुभारंभ मंडी के निकट एक विवाह घर से शुरू हुआ। इसके बाद यात्रा राष्ट्रकवि डॉ. मैथिलीशरण गुप्त की समाधि पर पहुंची। यहां पुष्पांजलि अर्पित की गई। इसके बाद यात्रा रामनगर तिराहा, मेन रोड और पहाड़ी चुंगी के आगे एक वाटिका में पहुंचकर समाप्त हुई। यात्रा में शामिल लोग हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीतों पर उत्साह के साथ आगे बढ़ रहे थे। डीजे से देशभक्ति के तराने गूंज रहे थे। यात्रा में भारत माता और महारानी लक्ष्मीबाई की झांकी भी शामिल रही। रास्ते में जगह-जगह पुष्पवर्षा हुई।
इस दौरान यात्रा संयोजक वीरेंद्र प्रताप सिंह ‘वीरू भैया’ ने लोकतंत्र सेनानियों एवं उनके परिजनों को शाल व श्रीफल देकर सम्मानित किया। इसके साथ ही पुराने एवं वरिष्ठ भाजपा कार्यकर्ताओं का भी सम्मान किया गया।
इस मौके पर अंकू जैन, सत्यपाल सिंह यादव, हेमंत खंताल, करुणेश बाजपेई, उमाशंकर राजपूत, गुच्ची लाल झा, गिरिराज सिंह, दिलीप शिवहरे, मधुसूदन शिवहरे, पवन कुशवाहा, दिनेश पाराशर, याकूब खान आदि मौजूद रहे।