अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बड़ागांव में पारीछा के पास तेज रफ्तार ट्रक ने पावर प्लांट के ठेकाकर्मी को कुचल दिया। हादसे के दौरान प्लांटकर्मी ट्रक में फंस गया। इसके बावजूद चालक ने ट्रक नहीं रोका। करीब 50 मीटर तक ट्रक उसे घसीट ले गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक ने ट्रक रोका। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेने के साथ ही ट्रक को भी सीज कर दिया।
दतिया के बिछौदना गांव निवासी कुंवर सिंह राजपूत (56) पारीछा पावर प्लांट में ठेके पर काम करते थे। परिजन के मुताबिक रोजाना ड्यूटी खत्म करके वह गांव लौट आते थे। रविवार को काम खत्म करके साइकिल से गांव लौट रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही वह पारीछा से आगे हनुमान मंदिर के पास पहुंचे, विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर जा गिरे। चालक ने ट्रक नहीं रोका बल्कि उनको घसीटता हुआ ले गया। आसपास के लोगों के शोर मचाने पर चालक ने ट्रक रोका। लोगों ने चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर थाना बड़ागांव पुलिस भी पहुंच गई। हादसे में कुंवर सिंह को गहरी चोट गईं। पुलिस ने उनको मेडिकल कॉलेज भिजवाया। यहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उधर, हादसे की खबर लगते ही परिवार के लोग भी रोते-बिलखते अस्पताल जा पहुंचे। पत्नी वीरवती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। परिवार में पत्नी समेत दो बेटे हरिमोहन और राजेश हैं। बड़ागांव थाना प्रभारी के मुताबिक ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया गया है। परिजन की तहरीर पर आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।