झांसी। बबीना थाना क्षेत्र में सोमवार शाम बाइक से डीजल लेने जा रहे एक युवक को बाइक सवार युवक ने गोली मार दी। गोली पैर में लगने से युवक घायल हो गया। मारपीट में साथी भी घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है।
बबीना थाना क्षेत्र के रसीना गांव निवासी राजवीर अपने साथी गौरव के साथ सोमवार शाम को हाइवे पर डीजल लेने जा रहे थे। दोनों बाइक से हाईवे पर पहुंचे थे, तभी पीछे से आए बाइक सवार युवकों ने दोनों को घेर लिया। लाठी डंडों से हमला करने के बाद तमंचे निकालकर गौरव को गोली मार दी। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। विरोध करने पर राजवीर पर लाठी डंडों से हमला किया। इसमें वह घायल हो गया। लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां दोनों की हालत में सुधार बताया गया है। पुलिस युवकों की तलाश में जुट गई है।