अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। चिरगांव के सेमरी गांव में रविवार दोपहर को सुल्तानपुरा ओवरब्रिज के पास तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में टक्कर मार दी। ट्रॉली में सवार निजी कंपनी के सुपरवाइजर चंद्रशेखर जाटव (38) डंपर की चपेट में आ गए। उनकी पत्नी स्नेहा उस समय वहीं मौजूद थीं। हादसे में चंद्रशेखर की मौत हो गई। हादसे के बाद भाग रहे डंपर चालक को लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
सेमरी गांव निवासी चंद्रशेखर पार्थ नामक कंपनी में सुपरवाइजर थे। कंपनी चिरगांव से बड़ागांव के बीच डिवाइडर पर पौधरोपण का काम करा रही है। रविवार दोपहर चंद्रशेखर पत्नी स्नेहा के साथ सुल्तानपुरा ओवरब्रिज के पास पौधरोपण करा रहे थे। ट्रैक्टर-ट्राली में पौधे रखे थे। उसमें चंद्रशेखर भी सवार थे। उनकी पत्नी स्नेहा ने पुलिस को बताया कि इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में डंपर आया। उसने ट्राली को जोरदार टक्कर मार दी। ट्राली को डंपर करीब 50 मीटर दूर घसीट ले गया। चंद्रशेखर ट्राली से गिरकर डंपर की चपेट में आ गए। स्नेहा शोर मचाते हुए भागीं। चीखपुकार सुनकर भी चालक ने डंपर नहीं रोका। पति खून से लथपथ हो गए। हादसे में ट्राली चला रहे राजू को भी गहरी चोट आ गईं। अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। चिरगांव थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आरोपी चालक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
इनसेट
200 मीटर दूर पकड़ा जा सका डंपर चालक
हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर वहां से भाग निकला। हादसे से अफरातफरी मच गई। शोर शराबे के बाद वहां मौजूद कुछ लोगों ने डंपर का पीछा किया। करीब 200 मीटर दूर उसे पकड़ा जा सका। उसे पकड़कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
इनसेट
सब इंस्पेक्टर है चंद्रशेखर का बड़ा भाई
सुपरवाइजर चंद्रशेखर का बड़ा भाई भूपेंद्र सीआईएसएफ में सब इंस्पेक्टर हैं, वहीं, उनका मंझला भाई खेती-किसानी करता है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। चंद्रशेखर की मौत से पत्नी स्नेहा समेत बेटी अनन्या, समीक्षा एवं 5 साल के बेटे यथार्थ का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया।