झांसी। 52 सेकेंड की कॉल ने सीपरी पुलिस को अपहृत तक पहुंचा दिया। करीब साढ़े तीन माह पूर्व आर्य कन्या इंटर कालेज चौराहा से अपहृत की गई किशोरी को सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मुरादाबाद के संभल से बरामद कर लिया। आरोपी युवक और उसकी बहन भागने में सफल हो गए।
मसीहा गंज निवासी एक व्यक्ति ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 11 सितंबर 2014 को उसकी नाबालिग बेटी को जीतू नामक युवक बहला फुसलाकर अपहरण करके ले गया है। 13 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस को आरोपी युवक के मोबाइल की लोकेशन दिल्ली में मिली तो पुलिस टीम वहां गई। दिल्ली में जीतू व किशोरी नहीं मिली। पुलिस तलाश में जुटी रही, मगर किसी भी तरह का कोई सुराग नहीं मिला।
थाना प्रभारी कामता प्रसाद ने बताया कि 24 जनवरी को बुखार आने पर किशोरी को मां की याद आई तो उसने फोन करके 52 सेकेंड मां से बात की। इसके बाद जीतू ने मोबाइल बंद कर सिम तोड़कर फेंक दी। यह जानकारी पुलिस को हुई तो दारोगा करन सिंह यादव को नाबालिग की तलाश में लगाया गया। सर्विलांस व एटीएस टीम की मदद से पता चला कि फोन मुरादाबाद के संभल के मोहल्ला हल्लू की सराय से किया गया था। जब सुरागकशी की गई तो ज्ञात हुआ कि आरोपी जीतू की बहन भारती संभल में रहती है। इस पर टीम को संभल भेजा गया। वहां से किशोरी को बरामद कर लिया गया, जबकि आरोपी युवक अपनी बहन के साथ भाग निकला।