ललितपुर। विद्युत विभाग के तत्वावधान में चलाए जा रहे विद्युत चेकिंग अभियान में शुक्रवार को 5.50 लाख रुपये राजस्व वसूल किया गया। वहीं, बिल जमा नहीं रकने वाले 17 उपभोक्ताओं के कनेक्शन अस्थायी रूप से विच्छेद कर दिए गए।
जनपद में विद्युत चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसमें प्रतिदिन राजस्व के साथ लोड बढ़ाने, कनेक्शन देने, मीटर बदलने व चोरी रोकने का काम किया जा रहा है। शुक्रवार को चौबयाना, नदीपुरा, मऊठाना आदि में अवर अभियंता पंकज मौर्या व ए के माथुर के निर्देशन में अभियान चलाया गया। इसमें मीटर विभाग के साथ लाइनमैन मौजूद रहे। विद्युत अधिकारियों कर्मचारियों की टीम ने बकायेदारों के घर डोर-टू-डोर दस्तक दी, जिसमें बिल जमा न करने वाले 17 उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेद कर दिए गए। इन पर 3.20 लाख रुपये की बकायेदारी चली आ रही थी। 16 लोगों को नए कनेक्शन दिए गए। 7 उपभोक्ताओं का लोड कम होने की स्थिति में 7 किलोवाट बढ़ा दिया गया। 12 नए मीटर लगाने का काम किया गया। 20 उपभोक्ताओं ने एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस) में पंजीकरण करवाया। इनको ब्याज में 50 प्रतिशत छूट मिली। सुबह से शाम तक चलाए गए अभियान में 5.50 लाख रुपये राजस्व वसूला गया।
चोरी के बाद सीनाजोरी
नदीपुरा में चलाए गए चेकिंग अभियान के दौरान एक उपभोक्ता के घर में मीटर से पहले केबल कटी पाई गई। बाइपास करके चोरी करने का काम किया जा रहा था। अवर अभियंता ने कम बिल होने पर संदेह प्रकट किया और घर के अंदर जांच की। इसमें चोरी पकड़ी गई। उन्होंने जब शमन शुल्क जमा करने की बात कही तो उसने गेट बंद कर लिए। इस पर विभागीय अफसरों ने उपभोक्ता का कनेक्शन काट दिया। अधिकारियों ने बताया कि अब बिजली जलती पाई गई तो एफआईआर की जाएगी। अन्य उपभोक्ताओं ने भी बिजली न आने और बिल अधिक देने की शिकायत की।