झांसी। ऑन लाइन सामान बेचने के नाम पर कर्नल से 85 हजार रुपये की ठगी करने के मामले में साइबर क्राइम की टीम ने एक ठग को आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से ठगी में प्रयुक्त लैपटॉप, मोबाइल व सिम बरामद की गई।
एपीओ बबीना कैंट कर्नल आशीष मोहन अग्रवाल ने नौ सितंबर को बबीना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि क्यूकर डाट कॉम से उसे पता लगा कि प्रकाश मणी कांता अपना कुछ सामान बेचने चाहते हैं, जिसकी कीमत 85 हजार रुपये है। उन्होंने सामान की सूची के साथ अपना मोबाइल नंबर भी दिया था। इस पर उन्होंने प्रकाश मणी कांता से मोबाइल पर संपर्क किया। प्रकाश ने उनसे सामान के अलग-अलग एकाउंट में 85 हजार रुपये जमा करवाए। दिए गए समय पर सामान नहीं भेजा। कुछ समय बाद प्रकाश ने अपना मोबाइल नंबर भी बंद कर लिया। सूचना पर पुलिस ने अमानत में खयानत का मुकदमा दर्ज कर लिया।
एसएसपी के आदेश पर यह मामला साइबर क्राइम की टीम को सौंपा गया। जांच में पता चला कि मोबाइल नंबर आंध प्रदेश के जिला गुंटूर का है। इस पर साइबर क्राइम के निरीक्षक सहस्त्र पाल सिंह, छत्रजीत सिंह, संतोष कुमार व सतीश चंद्र आंध्र प्रदेश रवाना हो गए। स्थानीय पुलिस की मदद से टीम को पता चला कि ठगी करने वाले का नाम नागाराजु जलादी पुत्र विरय्या जलादी निवासी मैन रोड छिबरैलू थाना छिबरैलू जिला गुंटूर है। पुलिस के आने की भनक लगने पर वह भाग निकला। इस दौरान टीम के हाथ उसके अन्य मोबाइल नंबर भी आ गए। साइबर क्राइम की टीम ने अन्य नंबरों की मदद से उसे बालाजी नगर थाना सरपावरम काकीनाडा ईस्ट गोदावरी आंध्र प्रदेश से गिरफ्तार कर लिया। उसे गिरफ्तार कर टीम झांसी ले आई।