झांसी। सिंचाई विभाग में तैनात इंजीनियर के पुत्र के अपहरण में शामिल छठवें अपहरणकर्ता को बुधवार दोपहर नवाबाद पुलिस ने दबोच लिया। उसने लूट व छिनैती की अनेक वारदातें कबूल की हैं। उससे वारदातों में प्रयुक्त बिना नंबर की पल्सर, छीनी सोने की चेन व रुपये बरामद हुए हैं।
दोपहर करीब दो बजे इलाइट चौकी प्रभारी को सूचना मिली कि बिना नंबर की पल्सर पर सवार एक युवक इलाहाबाद बैंक के पास वारदात की फिराक में घूम रहा है। उन्होंने घेराबंदी करके पल्सर सवार युवक को दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम राहुल वर्मा पुत्र हरीशंकर वर्मा निवासी आईटीआई सिद्धेश्वर नगर बताया। पुलिस के अनुसार राहुल तालपुरा निवासी इंजीनियर तुलसीदास के पुत्र उद्देश्य अनुरागी के अपहरण की वारदात में शामिल था। अपहरण के बाद उद्देश्य उसके घर पर ही रखा गया था।
राहुल छिनैती की कई वारदातों को अंजाम दे चुका है। उसने 23 अगस्त को सीपरी बाजार के सीताराम कंपाउंड निवासी वेदांती यादव पत्नी बृजेंद्र सिंह यादव से इलाइट चौराहा के पास सोने की चेन छीनी थी। निशानदेही पर पुलिस ने छीनी गई चेन बरामद कर ली। साथ ही राहुल ने 15 जून को डीआरएम आफिस के पास आपे सवार वीरांगना नगर निवासी कपिल द्विवेदी की पत्नी से बैग छीना था। बैग में 3500 रुपये रखे थे।