झांसी। पंजाब नेशनल बैंक बोर्ड के डायरेक्टर एवं आल इंडिया पंजाब नेशनल बैंक आफीसर्स एसोसिएशन के महामंत्री दिलीप साहा ने कहा कि अधिकारियों को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। बैंक अधिकारियों पर बढ़ रहे काम के दबाब पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि शाखाओं में कार्य तो निरंतर बढ़ रहा है, लेकिन स्टाफ नहीं बढ़ाया जा रहा है। मंडल में ही करीब 63 अधिकारियों की कमी है। इस मुद्दे को बोर्ड की बैठक में उठाया जाएगा। वह रविवार को एसोसिएशन की जनरल बॉडी की बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव ऐसा मौका है जब बैंककर्मी मतदान के जरिये अपनी उपयोगिता साबित कर सकते हैं। प्रबंधन को स्पोर्ट्स कल्चर गतिविधियों को व्यापक रूप से सक्रिय करना चाहिए। स्थानांतरण, प्रमोशन आदि नीतियों को और बेहतर बनाने की आवश्यकता है। वहीं, प्रबंधन एवं उच्च अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारियों पर विश्वास रखना चाहिए।
इससे पूर्व श्री साहा, बैंक के मंडल प्रमुख सुभाष चंद्र शर्मा, एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रदीप कुमार ने संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। तत्पश्चात मंडल सचिव पीके सेसा ने आय व्यय का ब्योरा प्रस्तुत किया। इस दौरान एसए सैय्यद व अजय पांडे को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर मुख्य प्रबंधक एसएन दुबे, बीबी लाल, पीके दुबे, अतुल सिंह, कपिल मिश्रा, अनूप मुदगिल, अनिल तिवारी, आर पी प्रजापति, बीके गुप्ता, ब्रजबिहारी, बलराम सिंह, पीके मलिक, हरीश नागपाल, राजेश श्रीवास्तव, बीके जैन, आरसी गुप्ता, तिलक सिंह आदि मौजूद रहे। संचालन सुधीर सक्सेना एवं आभार हरगोविंद सिंह परिहार ने व्यक्त किया।