झांसी। परिजनों के फैसलों से क्षुब्ध दो युवतियों ने अलग-अलग स्थानों पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। एक युवती का शव पुलिस को दीवार तोड़कर फंदे से उतारना पड़ा।
नवाबाद थानांतर्गत गांव मुस्तरा निवासी करन अहिरवार गुुरुवार को एक रिश्तेदार के साथ अपनी ससुराल मध्य प्रदेश अंतर्गत कसोधन गांव चला गया। घर पर उसकी पत्नी और बेटी राधा (18) थी। मौका लगते ही राधा ने कमरा बंद कर फांसी लगा ली। काफी देर तक जब कमरा नहीं खुला तो मां ने दरवाजा खटखटाते हुए आवाज लगाई, मगर कोई जवाब नहीं मिला। अनहोनी की आशंका पर शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया, मगर सफलता नहीं मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने दीवार तोड़कर कमरे में प्रवेश कर राधा को फांसी के फंदे से उतारा। उसकी मौत हो चुकी थी। पुलिस के अनुसार राधा का दतिया के गांव ररूआ में रिश्ता पक्का हो चुका था। आगामी गर्मी में शादी होनी थी जिससे वह खुश नहीं थी।
वहीं, सीपरी बाजार थानांतर्गत मसीहा गंज में पूर्वाह्न करीब साढ़े ग्यारह बजे चुन्ना की बेटी पूनम (17) ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने बताया कि बुधवार रात को पूनम फोन पर बात कर रही थी। मां ने उससे मोबाइल फोन छीन लिया, जिससे पूनम नाराज हो गई और आत्मघाती कदम उठा लिया।