झांसी। अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या पांच उमेश कुमार सिंह की अदालत ने प्राणघातक हमले के एक मामले में अभियुक्त को सात साल के कारावास की सजा सुनाई। जबकि, बयान बदलने पर वादी व गवाह के खिलाफ आपराधिक वाद चलाने के आदेश दिए।
थाना मऊरानीपुर के ग्राम बीरा निवासी गोरेलाल का पैसों के लेनदेन व जमीन को लेकर अपने बड़े भाई राजेंद्र व पिता नाथूराम से विवाद चल रहा था। 25 मार्च 2012 को गोरेलाल अपने छोटे भाई रामरतन के साथ खेत पर पहुंचा। यहां उसका बड़े भाई राजेंद्र व पिता नाथूराम से विवाद हो गया। इसी दौरान राजेंद्र ने तमंचे से फायर कर दिए। गोली लगने से गोरेलाल व रामरतन दोनों बुरी तरह से घायल हो गए। घटना की रिपोर्ट थाना मऊरानीपुर में राजेंद्र व नाथूराम के खिलाफ धारा 307 सपठित धारा 34 व 504 में दर्ज की गई। अदालत में मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य परीक्षा में वादी गोरेलाल व गवाह रामरतन अपने बयान पर कायम रहे। लेकिन, जिरह में बयान बदल गए। अदालत ने गवाहों को फिर से तलब किया। इस पर उन्होंने बताया कि पिता के डराने पर उन्होंने बयान बदले थे। बाद में अदालत में सही बयान दर्ज कराए।
अदालत ने पूरे मामले की सुनवाई के बाद अभियुक्त राजेंद्र को धारा 307 के तहत सात साल के कारावास की सजा से दंडित किया। इसमें जेल में बिताई अवधि भी शामिल रहेगी। साथ ही दस हजार रुपये अर्थदंड भी लगाया। साक्ष्यों के अभाव में नाथूराम को दोषमुक्त कर दिया। इसके अलावा साक्ष्य बदलने पर वादी गोरेलाल व रामरतन पर धारा 344 के तहत प्रकीर्ण आपराधिक वाद चलाने के आदेश दिए। अभियोजन पक्ष की ओर से पैरवी सहायक जिला शासकीय अधिवक्ता (फौजदारी) दिनेश कुमार मिश्रा ने की।