झांसी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने तमंचे के बल पर कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार रात घर लौट रहे मुनीम से बैग छीन लिया और भाग निकले। गनीमत रही कि बैग के अंदर केवल जरूरी कागजात थे।
गुसाईंपुरा स्थित अग्रवाल धर्मशाला मार्केट में शिवाली फुटवियर का मुनीम खुशीपुरा निवासी राजू पटेल पुत्र ओमप्रकाश पटेल देर शाम गुरसरांय से तगादा करके दुकान लौटा। उगाही के रुपये दुकान पर जमा कर रात करीब साढ़े आठ बजे वह बैग लेकर घर जाने लगा। सुभाष गंज तिराहा से एक बाइक पर सवार तीन बदमाशों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। गड़बड़ी की आशंका होने पर वह तेज कदमों से रामलीला मैदान में खड़े भारी वाहनों की ओट में छुपने के लिए भागा, लेकिन त्रिमूर्ति ट्रांसपोर्ट कंपनी के पास तीनों बदमाशों ने उसे घेर लिया और कनपटी पर तमंचा लगाकर बैग छीन लिया।
यह देख वहां मौजूद ट्रक के चालक-परिचालक मौके की ओर भागे तो बदमाशों ने तमंचा तानकर उनके कदम वहीं रोक दिए। बाद में बदमाश बाइक से भाग निकले। घटना की जानकारी मिलते ही व्यापारी नेता संजय पटवारी, अरुण गुप्ता, संजय सर्राफ आदि मौके पर पहुंचे और मुनीम को लेकर कोतवाली आकर शिकायत दर्ज कराई।