झांसी। जिलाधिकारी तनवीर जफर अली ने झांसी- खजुराहो मार्ग पर विकासखंड बंगरा के ग्राम भिटौरा में क्षतिग्रस्त पुल को तीन दिन में आवागमन योग्य बनाने के निर्देश दिए हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित ग्राम भिटौरा और मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित ग्राम उरदौरा के बीच स्थित एक पुल बृहस्पतिवार की रात अचानक ढह गया था। तभी से इस रूट पर आवागमन प्रभावित चल रहा है। झांसी से इलाहाबाद, खजुराहो, छतरपुर, राठ, बांदा, महोबा की ओर आने- जाने वाले वाहनों को 35 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाकर बंगरा से कचनेव, टेहरका, मगरपुर व निवाड़ी होते हुए जाना पड़ रहा है। बुधवार को जिलाधिकारी मऊरानीपुर में आयोजित तहसील दिवस में भाग लेने गए थे। वहां से लौटकर उन्होंने क्षतिग्रस्त पुल का निरीक्षण किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्रखंड के अधिशासी अभियंता आर डी राही को निर्देश दिए कि तीन दिन में ह्यूम पाइप डालकर आवागमन सुचारु किया जाए, ताकि वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही उन्होंने पुल का स्टीमेट बनाने के निर्देश दिए, ताकि शासन को भेजा जा सके। उन्होंने कहा कि यदि निर्माण स्थल पर अवैध कब्जा हो तो उसे कब्जामुक्त कराकर कार्य प्रारंभ कराया जाए।