झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के एक विभाग के एचओडी पर अपदस्थ एचओडी की पत्नी ने छेड़छाड़ करने और अश्लील फब्तियां कसने का आरोप लगाया है। सोमवार को जब पीड़िता एसएसपी से मिलने पहुंची तो भनक लगने पर एचओडी भी अपनी सफाई देने के लिए कई छात्र-छात्राओं को लेकर पहुंच गए। मामला महिला थाने पहुंचा जहां दोनों के बीच सशर्त लिखित समझौता हुआ।
एक विभाग के एचओडी को कुछ समय पूर्व विवि के आदेश पर अपदस्थ कर दूसरे को तैनात कर दिया गया था। तब से दोनों के बीच मनमुटाव पैदा हो गया। बताते हैं कि विगत दिनों अपदस्थ एचओडी की पत्नी ने महिला थाने में शिकायती पत्र देकर आरोप लगाया कि वर्तमान एचओडी उससे छेड़छाड़ करते हैं व अश्लील फब्तियां कसते हैं, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान हो गई है। मामले की गंभीरता को देख एसएसपी ने पीड़िता के पति को जानकारी के लिए बुलाया। इस पर पीड़िता भी पहुंच गई। जब इसकी जानकारी वर्तमान एचओडी को हुई तो वह विभाग के छात्र-छात्राओं को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गए। दोनों पक्षों के आने पर एसएसपी ने मामला महिला थाने भेज दिया। जहां दोनों पक्षों के बीच हुई वार्ता के बाद लिखित समझौता हुआ।