झांसी। पांच वर्ष से ऊपर के व्यक्तियों के बहुउद्देशीय (बायोमैट्रिक) कार्ड बनाने के लिए शिविर लगाने का तीसरा चरण 18 सितंबर से शुरू होगा।
महानगर के करीब छह लाख लोगोें के बायोमैट्रिक कार्ड बनाए जाने हैं। इसकी जिम्मेदारी दिल्ली की एजेंसी नेलसन को सौंपी गई है। इसके लिए नगर जनगणना कार्यालय / नगर निगम के माध्यम से सभी साठ वार्डों में शिविर लगाए जाने हैं, ताकि लोगों को कार्ड बनवाने के लिए इधर- उधर नहीं भटकना पड़े। लेकिन, सभी वार्डों में शिविर के लिए विद्यालय नहीं मिल पाने के कारण अभियान गति नहीं पकड़ पा रहा है। ऐसे में अलग - अलग जनगणना चार्ज अधिकारी के कार्यक्षेत्र में आने वाले वार्डों के हिसाब से शिविर संचालित हो रहे हैं। पहले चरण में वार्ड 08, 18 और 29 में शिविर लगाए गए थे। दूसरे चरण में वार्ड नंबर 01, 02, 17, 43 व 52 में कार्ड बनाने का कार्य 15 सितंबर तक किया गया।
तीसरे चरण में 18 सितंबर से वार्ड नंबर 34 नंदनपुरा द्वितीय (ताज कंपाउंड व आसपास) का शिविर डा. राधाकृष्णन इंटर कालेज दीनदयाल नगर एवं वार्ड नंबर 39 नंदनपुरा (आवास विकास कालोनी) क्षेत्र का शिविर एम एल पांडेय किडजी विद्यालय में लगेगा। वार्ड नंबर 42 सिविल लाइन दक्षिणी भाग प्रथम (स्टेट बैंक के पीछे का क्षेत्र) का शिविर नगर निगम स्थित नई बिल्डिंग में, वार्ड नंबर 51 सिविल लाइन पश्चिमी भाग (गोंदू कंपाउंड, रिफ्यूजी कालोनी आदि) का शिविर बुंदेलखंड महाविद्यालय में, वार्ड नंबर 54 सी पी मिशन कंपाउंड क्षेत्र का शिविर राजकीय इंटर कालेज और वार्ड नंबर 55 नानक गंज क्षेत्र का शिविर आर्य कन्या डिग्री कालेज में आयोजित किया जाएगा।