झांसी। बुधवार को आबकारी विभाग की टीम द्वारा की गई छापामारी में बीयर की दो दुकानों पर ओवररेटिंग पकड़ी गई, जबकि एक दुकान के अभिलेखों में गड़बड़ी मिली। तीनों दुकानदारों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।
अंग्रेजी शराब व बीयर व्यापक पैमाने पर ओवररेटिंग की चपेट में हैं। विक्रेताओं द्वारा ग्राहकों से धड़ल्ले से शराब व बीयर की निर्धारित से अधिक कीमत वसूली जा रही है। इस स्थिति पर अंकुश लगाने के लिए बुधवार को आबकारी विभाग की टीम द्वारा छापामारी अभियान चलाया गया। इस दौरान मेडिकल तिराहा व जीवन शाह तिराहा स्थिति बीयर की दुकानों में ओवररेटिंग पकड़ी गई। दोनों दुकानों पर ग्राहकों से प्रति बोतल पर निर्धारित से दस रुपये तक अधिक वसूले जा रहे थे। इसके अलावा सारंध्रा नगर स्थित बीयर की दुकान में अभिलेखीय गड़बड़ी पकड़ी गई। जिला आबकारी अधिकारी प्रेमनारायण ने बताया कि उक्त तीनों दुकानों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की संस्तुति की गई है।