झांसी। चौपहिया वाहनों पर रुतबा गालिब करने के लिए अवैध रूप से बत्ती लगाने वालों और शीशों पर काली फिल्म लगाने वालों की अब खैर नहीं। अपर पुलिस महानिदेशक के आदेश पर ऐसा वाहनों के खिलाफ पुलिस और संभागीय परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से अभियान शुरू कर दिया है। इस दौरान इलाइट चौराहा पर 16 वाहनों से फिल्म और छह से अवैध रूप से लगी बत्ती उतारी गई।
शनिवार को अपराह्न करीब तीन बजे एआरटीओ आरके सिंह व ट्रैफिक पुलिस के टीएसआई मनोज कुमार की टीम अभियान चलाने के लिए इलाइट चौराहा पर पहुंची। जैसे ही टीम ने बत्ती लगी और काली फिल्म चढ़े वाहनों को रोकना शुरू किया वैसे ही वाहनों से रौब गालिब करने वालों में हड़कंप मच गया। कई चौपहिया वाहन चालक अभियान चलता देख चौराहा से ही मुड़कर लौट गए। बावजूद इसके टीम ने 16 वाहनों की काली फिल्म उतारी और छह वाहनों पर अवैध रूप से लगी बत्तियां। इनसे पुलिस ने 3500 रुपये वसूल किए हैं। पुलिस सूत्रों का कहना है कि अभियान दस दिन चलाया जाएगा।