फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डीआईजी को भी ‘घुमाने’ से नहीं चूके एसओ

Mon, 12 Nov 2012 12:00 PM IST
Jhansi
विज्ञापन
विज्ञापन
झांसी। त्योहार पर मुस्तैदी परखने के लिए रविवार अपराह्न शहर में निकले पुलिस उप महानिरीक्षक अधीनस्थों के रवैये से रूबरू हुए। उन्हें बाजार में पुलिस कर्मी नहीं मिले। लोकेशन पूछने पर थाना प्रभारियों ने भी घुमाने का प्रयास किया, लेकिन डीआईजी ने आसानी से झूठ पकड़ लिया। बाद में संबंधित एसओ की जमकर क्लास लगाई गई। डीआईजी के निरीक्षण से मचे हड़कंप के बाद पुलिस सड़कों पर मुस्तैद हो गई।
विज्ञापन

दीपोत्सव पर बाजार में उमड़ने वाली भीड़ के मद्देनजर बाजारों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था का खाका तैयार किया गया था। इसे परखने के लिए रविवार को अपराह्न करीब साढ़े तीन बजे डीआईजी सूर्यनाथ सिंह शहर का भ्रमण करने निकले। उन्होंने अनेक क्षेत्रों का भ्रमण किया, लेकिन पुलिस नहीं दिखी। जहां पुलिस कर्मी दिखे भी तो वह बैंच पर पैर रखकर बैठे मिले। यह स्थिति देख उन्होंने सीओ व थानाध्यक्षों की लोकेशन के बारे में पूछा। पता चला कि सीओ रिश्तेदारों के आने की वजह से घर में हैं। वहीं थानाध्यक्षों ने थाने पर तो कुछ ने अपना लोकेशन फील्ड में बताया। इंस्पेक्टर नवाबाद ने बताया कि वह इलाहाबाद बैंक चौराहा के पास भ्रमण कर रहे हैं। इस पर डीआईजी ने कहा वह भी इसी मार्ग पर हैं, लेकिन गाड़ी नजर नहीं आ रही है। डीआईजी के पूछे जाने पर इंस्पेक्टर ने बताया कि उनका रनिंग लोकेशन जेल चौराहा की ओर है। इस पर डीआईजी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा, क्या उन्हें देखकर रास्ता बदला है या फिर झूठ बोला जा रहा है। इसके बाद डीआईजी ने वायरलेस पर स्वयं की लोकेशन कोतवाली की ओर बताते हुए सीपरी बाजार, कोतवाली, प्रेमनगर व सदर थानाध्यक्ष से लोकेशन पूछी। एसओ प्रेमनगर ने बताया कि वह सर्राफा बाजार में हैं। इस पर डीआईजी ने कहा कि यहां उन्हें कोई सिपाही नजर नहीं आ रहा है, बताया जाए कि कौन-कौन सिपाही किस-किस प्वाइंट पर लगा हुआ है। इसी तरह डीआईजी ने शहर के पांचों थानों और सीओ की लोकेशन पूछी। इससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में सड़क पर पुलिस दौड़ती नजर आने लगी।


एक दशक पुराना सड़क पर दिखा नजारा
डीआईजी के दौरे से सड़कों पर एक दशक पुराने नजारे आने लगे। पुलिस कर्मियों में इस कदर हड़कंप मचा हुआ था कि एक-एक वायरलेस सैट पर कई-कई पुलिस कर्मी कान लगाकर सुन रहे थे। इस दौरान यदि कोई कुछ कहता तो पुलिस कर्मी उसे चुप करके संदेश सुनते।
विज्ञापन



सीओ के हमराह पुलिस कर्मियों की छुट्टियां निरस्त
डीआईजी के सघन निरीक्षण के समय एसएसपी डा. के. एजिलरसन ने बताया कि सीओ सिटी बबलू कुमार तीन दिन के अवकाश पर गए हैं। उनके आने तक सीओ सिटी का कार्य सीओ क्राइम अविनाश कुमार गौतम देखेंगे। इस पर डीआईजी ने तुरंत सीओ सिटी के हमराह कार्यवाहक सीओ के पास भेजने के आदेश दिए। इस पर पता चला कि बबलू कुमार केवल चालक को छोड़कर सभी को छुट्टी देकर चले गए हैं। इस पर डीआईजी ने कहा कि अपने साथ-साथ हमराहों को छुट्टी देना गलत है। इस पर एसएसपी ने भी कड़ी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि कहने के बाद भी सभी को छुट्टी दी गई। उन्होंने सीओ के समस्त हमराह की तत्काल प्रभाव से छुट्टियां निरस्त कर दीं। कर्मियों को फोन करके छुट्टी निरस्त होने की सूचना दी गई।

हाइवे मोबाइल तीन दिन तैनात रहेंगी शहर में
एसएसपी ने निर्देश जारी किए हैं कि हाइवे मोबाइल टीमें अब शहरी क्षेत्र में तीन दिन तक लगातार भ्रमण करेंगी। एक स्थान पर गाड़ी खड़ी करके पैदल भ्रमण किया जाएगा।

डीआईजी के निशाने पर रहा महिला थाना भी
डीआईजी के निशाने पर महिला थाना भी रहा। उन्होंने निर्देश दिए कि महिला थानाध्यक्ष तीन-चार टीम बनाकर बाजारों में लगाएं। स्वयं भी लगातार भ्रमण शील रहें। कोई भी थाने पर नहीं रहना चाहिए। इस बीच कंट्रोल रूम से महिला थानाध्यक्ष को संदेश भेजा गया। जवाब नहीं आने पर पता चला कि थानाध्यक्ष क्षेत्र में भ्रमण करने निकली हैं मगर न तो उनकी गाड़ी में वायरलेस सैट लगा है और न ही वह हैंडसेट लेकर गई हैं। इस पर निर्देश दिए गए कि वह हैंडसैट लेकर जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर सूचना देकर बुलाया जा सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें