झांसी। दो नवंबर से लापता प्रेमनगर थाने के सिपाही का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। इससे पत्नी व परिवार के अन्य लोग अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं। शनिवार को सिपाही की पत्नी ने एसएसपी से पति की तलाश कराने की गुहार लगाई है। एसएसपी ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, ड्यूटी पर नहीं आने की वजह से थाने पर उसके खिलाफ रपट लिखी जा चुकी है।
प्रेमनगर थाने में तैनात 33वीं वाहिनी पीएसी राजगढ़ निवासी सिपाही राजकुमार दो नवंबर को मोटरसाइकिल संख्या यूपी93जेड- 1263 से घर से निकला था, मगर लौट कर नहीं आया। चिंतित पत्नी नेहा वर्मा ने जब उसके मोबाइल नंबर पर संपर्क किया तो वह स्विच आफ मिला। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई। उन्होंने थाना पुलिस को सूचना देकर तलाश शुरू की। मगर शनिवार तक उसका कोई सुराग नहीं लग सका। अनहोनी की आशंका से ग्रस्त पत्नी ने शनिवार को एसएसपी डा. के. एजिलरसन से पति का पता लगाने की गुहार लगाई। इस संबंध में एसएसपी का कहना है कि मामले की पुलिस जांच कर रही है। जल्द ही स्थिति स्पष्ट होगी।