झांसी। बेसिक शिक्षा परिषद के जिले के 310 शिक्षक इधर से उधर किए गए हैं। इनमें 257 शिक्षक समायोजन के दायरे में आए हैं। जबकि, 53 का स्थानांतरण किया गया है।
मुख्य विकास अधिकारी अनुज कुमार झा की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय स्थानांतरण /समायोजन समिति की बैठक में प्राइमरी के 141 तथा जूनियर हाईस्कूलों के 116 अध्यापकों को समायोजित किया गया है। महिला अध्यापकों को ब्लाक में ही एक से दूसरे स्कूल में स्थानांतरित किया गया है। स्कूल खाली न होने के चलते जूनियर हाईस्कूल की केवल एक शिक्षिका ही बड़ागांव से चिरगांव ब्लाक में समायोजित की गई है। जबकि, चालीस शिक्षकों का उनके आवेदन पत्र के आधार पर स्थानांतरण किया गया। इसके अलावा प्राइमरी के 11 तथा जूनियर हाईस्कूल के 02 अध्यापकों का प्रशासनिक आधार पर स्थानांतरण किया गया।
समिति के सचिव /बेसिक शिक्षा अधिकारी सतीश कुमार ने बताया कि समायोजन /स्थानांतरण के जरिये प्राथमिकता के आधार पर जिले के बंद विद्यालयों को खोला गया है। विद्यालयों में आवश्यकता के अनुसार शिक्षक भेजे गए हैं।
ब्लाकों में यह रही स्थिति
झांसी। बबीना ब्लाक में प्राइमरी के 42 व जूनियर के 17, बड़ागांव में 17 व 19, चिरगांव में 10 व 13, मोंठ 12 व 13, गुरसरांय 18 व 21, बामौर 11 व 10, मऊरानीपुर 02 व 06 तथा बंगरा ब्लाक में प्राइमरी के 13 व जूनियर हाईस्कूल के 15 अध्यापक समायोजित किए गए। वहीं, झांसी नगर के प्राइमरी के 12 व जूनियर के 02 तथा मऊरानीपुर नगर में प्राइमरी के 04 अध्यापक समायोजित किए गए।