अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जनपद में 93 लाख से ज्यादा पौधे रोपे जाने हैं। इसके मद्देनजर 25 जून तक इतने ही गड्ढे खोदने के लिए विभिन्न विभागों को लक्ष्य मिला था। लक्ष्य पूरा करने में पर्यावरण विभाग, ग्राम्य विकास और राजस्व विभाग पिछड़ गए। ऐसे में कलक्ट्रेट सभागार में हुई जिला पौधरोपण समिति, जिला गंगा समिति/जिला पर्यावरणीय समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने फटकार लगाई।
डीएम मृदुल चौधरी ने कहा कि लक्ष्य में किसी भी प्रकार की कटौती नहीं की जाएगी। पौधरोपण के लिए वन विभाग की पौधशालाओं से पौध ढुलान करते समय सावधानी बरतें, ताकि पौधों को लाने-ले जाने में कोई क्षति न हो। पूर्व में किए गए पौधरोपण का सत्यापन कराते हुए मृतक पौधों के स्थान पर नए पौधे लगाएं। ताकि, तय लक्ष्य की पूर्ति की जा सके। कहा कि पौधरोपण की औचक जांच होगी। यदि पौधरोपण सही नहीं मिला तो कार्रवाई होगी। डीएम ने कहा कि स्कूल में बच्चों को भी एक-एक पौध लगाने के लिए दिया जाए। अभियान को सफल बनाने के लिए ग्रामीणों को पौधरोपण करने के लिए जागरूक किया जाए। इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान प्रभागीय वनाधिकारी जेबी शेंडे, एडीएम प्रशासन शिव प्रताप शुक्ल, एसीएमओ डॉ. महेंद्र, डॉ. रमाकांत सोनी, डीआईओएस रती वर्मा, डीसी मनरेगा शिखर कुमार श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।