बिजली: सरकारी व प्राइवेट स्कूल निशाने पर
झांसी। घरेलू कनेक्शन पर स्कूल चलाने वालों पर विद्युत विभाग ने नजर टेढ़ी कर ली है। अब विभाग प्राइवेट और सरकारी स्कूलों के कनेक्शनों की जांच करेगा। घरेलू कनेक्शन पर चलते मिले स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
अगर किसी स्कूल में वाणिज्यिक की जगह घरेलू टैरिफ पर बिजली जलती पाई जाती है तो उस पर भार के हिसाब से दुगना जुर्माना लगता है। उदाहरण के तौर पर अगर किसी स्कूल में एक किलोवाट का भार है तो बिजली चोरी मिलने पर चार हजार की जगह प्रति किलोवाट आठ हजार रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा व्यावसायिक दर पर एक साल का कर निर्धारण भी होगा। हालांकि, उपभोक्ता ने जो उस साल बिल जमा किया होगा वह कम हो जाएगा।
विद्युत अधिकारियों ने जेल चौराहा, गल्ला मंडी, रानी महल, हींगन कटरा, मुन्नालाल, मेडिकल कॉलेज, गल्लामंडी, प्रेमनगर, नंदनपुरा, हंसारी व सीपरी बाजार सब स्टेशनों से जुड़े क्षेत्रों के सरकारी व प्राइवेट स्कूलों को सूचीबद्ध करना शुरू कर दिया है। मुख्य अभियंता आरएन सिंह ने बताया कि जल्द ही यह अभियान चलाया जाएगा।