9 august BEd entrance exam 7400 students will done
झांसी। नौ अगस्त को झांसी के 15 केंद्रों पर बीएड की प्रवेश परीक्षा आयोजित होगी। परीक्षा में 7400 छात्र-छात्राएं शामिल होंगे। रविवार को लॉकडाउन के बावजूद अभ्यर्थियों के आने-जाने पर छूट रहेगी। परीक्षा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
इस बार भी राज्य स्तर पर बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए लखनऊ विश्वविद्यालय को नोडल बनाया गया है। नौ अगस्त को दो पालियों में प्रवेश परीक्षा होगी। पहली पाली की परीक्षा सुबह नौ से दोपहर 12 बजे और दूसरी पाली की दोपहर दो से शाम पांच बजे तक चलेगी। बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के बीएड प्रवेश परीक्षा के समन्वयक प्रो. सुनील काबिया ने बताया कि झांसी में परीक्षा के लिए 15 केंद्र बनाए गए हैं, इसमें आठ केंद्र कैंपस के विभागों को बनाया गया है, जबकि सात केंद्रों में राजकीय इंटर कॉलेज रक्सा और ग्वालियर रोड, राजकीय महिला महाविद्यालय, रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, सूरज प्रसाद इंटर कॉलेज, वीरांगना झलकारी बाई राजकीय पॉलीटेक्निक और आर्य कन्या इंटर कॉलेज शामिल हैं। हर केंद्र पर दो-दो ऑब्जर्वर की तैनाती की गई है। इस परीक्षा में पास होने वाले उम्मीदवारों को सीट अलॉटमेंट के लिए ऑनलाइन काउंसिलिंग प्रक्रिया में हिस्सा लेना होगा। पहले यह परीक्षा अप्रैल में होने वाली थी लेकिन कोरोना वायरस के चलते स्थगित कर दी गई थी।
ऐसा होगा पेपर
यूपी बीएड एंट्रेंस एग्जाम ऑब्जेक्टिव होगा। इस परीक्षा में दो भाग होंगे। एक जनरल नॉलेज और दूसरा हिंदी भाषा। हर सेक्शन में 50 सवाल होंगे। दूसरे पेपर में भी दो भाग होंगे। पहला जनरल एप्टीट्यूड टेस्ट और सब्जेक्ट एप्टीट्यूड। इस पेपर में भी हर भाग में 50 सवाल होंगे।