अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बजट के जरिये सरकार ने बुंदेलखंड में सड़क सुधारने के लिए 850 करोड़ रुपये से अधिक का प्रावधान किया है। खास तौर से बुंदेलखंड विकास निधि में बजट आवंटन बढ़ाया गया है। पिछले वर्ष निधि में 400 करोड़ रुपये आवंटित हुए थे। अबकी यह राशि बढ़ाकर 500 करोड़ रुपये कर दी गई है। इसमें झांसी के हिस्से करीब 80-100 करोड़ रुपये आने की संभावना है। सौ करोड़ रुपये के इजाफे को चुनावी सौगात की तरह से देखा जा रहा है।
बुंदेलखंड विकास निधि से झांसी, जालौन, ललितपुर, बांदा, चित्रकूट, महोबा एवं हमीरपुर के पिछड़े इलाकों में विकास कार्य कराए जाते हैं। यह रकम विधायकों की संस्तुति पर खर्च होती है। चुनावी वर्ष होने के नाते सरकार ने सौगात देते हुए निधि में इजाफा किया है।
लोक निर्माण विभाग को कार्य योजना के मुताबिक बजट आवंटित हुआ है। इस आवंटन को देखते हुए साल भर में झांसी की झोली में करीब 250 करोड़ आने की उम्मीद जताई जा रही है। इससे जर्जर सड़कों को दुरुस्त करने, नए संपर्क मार्ग बनाने और नए सेतु निर्माण कराए जाएंगे। लंबे समय से खराब सड़क नेटवर्क से जूझ रहे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं का कहना है कि प्रावधानों में सड़क एवं सेतु निर्माण को प्राथमिकता मिली है। खासतौर पर राज्य सड़क, जिला सड़क और ग्रामीण संपर्क मार्गों की सूरत बदलेगी। उनका कहना है कि जनपद वार बजट आवंटन होने में अभी समय लगेगा। कार्ययोजना भेजने पर उसके मुताबिक पैसा आवंटित कर दिया जाएगा। नए बजट के लिहाज से कार्ययोजना बनाने का काम आरंभ कर दिया गया है।
इनसेट
इन कार्यों पर खर्च होगी रकम
सड़कों एवं सेतुओं का निर्माण कराया जाएगा
सड़क एवं सेतु का अनुरक्षण कार्य
ग्राम एवं बसावट को सर्व ऋतु संपर्क मार्ग से जोड़ा जाएगा
ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए कराए जाएंगे उपाय
प्रमुख एवं जिला मार्ग का होगा चौड़ीकरण
इनसेट
गड्ढामुक्त अभियान के लिए भी पैसा
गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, नए संपर्क मार्ग, यातायात दबाव वाले मार्गों का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण समेत गढ्ढामुक्त अभियान के लिए भी लोक निर्माण विभाग को बजट का आवंटन हुआ है। पिछले साल गड्ढामुक्त अभियान के लिए बजट काफी कम कर दिया गया था। ऐसे में आशंका जताई जा थी कि इस दफा बजट आवंटित नहीं होगा। सरकार ने सड़कों की सेहत को देखते हुए बजट आवंटित किया है। इसके साथ ही नदियों व नालों पर नए पुल व पुलियों जैसे कार्यों के लिए भी बजट दिया है।
इनसेट
झांसी में बजट से सड़कों को मिलेगी संजीवनी
झांसी जिले में कई प्रमुख मार्ग वर्षों से मरम्मत का इंतजार कर रहे हैं। इस बजट प्रावधान से ग्रामीण क्षेत्रों की टूटी सड़कों का सुधार कार्य समेत शहर को आसपास के ब्लॉकों से जोड़ने वाले मार्गों की मजबूती मिल सकेगी। लिंक मार्गों का भी विकास होगा। कई ब्लॉकों में बरसात के दौरान कट जाने वाले रास्तों की भी मरम्मत कराई जा सकेगी।