तीन स्थानों पर लगी आग, फसल राख
बानपुर। कस्बे व क्षेत्र में तीन अलग-अलग स्थानों पर आग लगने से लाखों रुपये की फसल जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने सहयोग से आग बुझाई। इसके करीब पौन घंटे के बाद फायर ब्रिगेड की गाड़ी पहुंची। सुबह करीब दस बजे कस्बा निवासी कृपाल सिंह पुत्र भवानी सिंह बानपुर-महरौनी रोड पर स्थित अपने खेत में गेहूं की फसल काट रहे थे कपास के खेत के ऊपर से निकली विबली विभाग की 11 हजार केवीए की लाइन में अचानक चिंगारी गिरी और देखते ही देखते फसल धू- धू करके जलने लगी। आसपास के लोगों ने बिजली विभाग को सूचना दी व आग बुझाने शुरू कर दी। जब तक आग बुझायी जाती, तब तक आधा एकड़ में खड़ी फसल जल गई। किसान के अनुसार उसका लगभग 15 बोरा गेहूं का नुकसान हो गया है।
दूसरी घटना गणेशपुरा मजरा की है, जहां रामलाल पुत्र मुलू, चुन्नी चौरसिया पुत्र गोविंदास, रमेश यादव पुत्र देवीसिंह और मोहन कुशवाहा पुत्र दुर्जन निवासी ग्राम बानपुर ने अपने-अपने खेतों में गेहूं की फसल बोई थी। दोपहर में अचानक चुन्नीलाल चौरसिया की कटी पड़ी फसल में आग लग गई। जब तक आसपास कटाई करने वाले लोग कुछ समझ पाते व कुछ करते, तब तक आग बहुत तेजी से हवा के रुख के साथ फैल गई और रामलाल कोरी, रमेश यादव, मोहन कुशवाहा के खेतों को चपेट में ले लिया। इसकी सूचना ग्राम प्रधान प्रतिनिधि सहावेंद्र प्रताप सिंह को दी गयी व उन्होने ‘दि वॉयस ऑफ बानपुर’ के माध्यम से पूरे कस्बे को घटना से अवगत कराया व लोगों से घटनास्थल पर पहुंचकर उपलब्ध संसाधनों में आग बुझाने में सहयोग करने की अपील की। प्रशासनिक अधिकारियों को अवगत कराने के साथ-साथ फायर बिग्रेड को भी सूचना दी।
देखते ही देखते घटना स्थल पर लोग पहुंचे और अपने-अपने तरीकों से आग बुझाने लगे। आधा घंटे की मशक्कत के बाद लोगों ने बिना किसी प्रशासनिक सहायता के आग पर काबू पा लिया। आग से सबसे अधिक नुकसान चुन्नी चौरसिया व रामलाल कोरी का हुआ है। जहां चुन्नी चौरसिया की खेत में कटी पड़ी फसल राख हो गई, वहीं रामलाल कोरी की फसल के साथ-साथ उसकी मेड़ पर खढ़े छायादार व फलदार वृक्ष भी आग की चपेट में आ गए। लगभग दो लाख रुपये की फसल व लगभग पांच एकड़ के रकबा से आग लगने से क्षति पहुंची है। आग पर काबू पा लेने काफी देर बाद के बाद फायर बिग्रेड मौके पर पहुंची। वही राजस्व लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर आग से जलकर राख हुयी फसल का आकलन किया। तीसरी घटना समीपस्थ ग्राम चकौरा की है, जहां पूर्व प्रधान चकौरा रामपाल राजपूत के खेत के ऊपर से विद्युत लाइन निकली है। दोपहर में शार्ट सर्किट से तार टूट कर फसल पर गिर गया, जिससे गेहूं की फसल में आग लग गई। इससे लगभग 20 गठ्ठे गेहूं की फसल जल गई। आसपास के लोगों ने आग पर काबू पाया। सभी ने जिलाधिकारी से आपदा राहत कोष से राहत राशि दिलाने की मांग की है।