रंगबाजों ने छात्र को पीटा, रुपये छीने
मिशन कंपाउंड में कोचिंग जाते समय किया हमला
बाइक सवार चार युवकों ने दिया घटना को अंजाम
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। थाना सीपरी बाजार क्षेत्र कि मिशन कंपाउंड में डामर गोदाम के पास बाइक सवार चार रंगबाजों ने कोचिंग जा रहे छात्र को पीट कर बुरी तरह चोटिल कर दिया और उसकी जेब से रुपये निकाल लिए। घायल छात्र को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ग्वालियर रोड स्थित महेंद्रपुरी कॉलोनी में रहने वाले विश्व हिन्दू महासभा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य नरेंद्र शिवहरे का पुत्र मयंक शिवहरे (17) हाफिज सिद्दीकी नेशनल इंटर कॉलेज में इंटरमीडिएट का छात्र है। वह मिशन कंपाउंड स्थित डामर गोदाम के पास कोचिंग पड़ने जाता है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे मयंक साइकिल से जा रहा था, तभी डामर गोदाम के पास बाइक सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया और उससे उसका चश्मा मांगने लगे। मयंक ने इसका विरोध किया तो चारों ने गाली-गलौज कर उसकी लात-घूसों से पिटाई कर दी। मयंक का आरोप है कि चारों ने उसकी जेब में रखे रुपये छीन लिए और चले गए।
घटना की सूचना पर पहुंची सीपरी बाजार थाना पुलिस ने मौके पर तफ्तीश को तो पास में एक व्यापारी के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद मिली। पुलिस ने मयंक को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा, जहां गंभीर चोटों के कारण उसे भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज करके आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।