दो को गोली और तीसरे को डंडा मारकर दबोचा
सब हेड: देवरी घाट पर कैशियर को गोली मारकर लूटने वाले तीन और आरोपी गिरफ्तार
क्रासर
गरौठा क्षेत्र के ठर्रो घाट पर बुधवार की रात भर हुई मुठभेड़
वारदात में शामिल आठ बदमाशों की और है पुलिस को तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
ककरबई इलाके के देवरीघाट पर कैशियर की हत्या करके लूटने वाले तीन और बदमाशों को पुलिस ने दबोच लिया। गरौठा क्षेत्र के ठर्रो घाट पर रात भर चली मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गोली मारकर और तीसरे को डंडे के जोर पर पुलिस ने गिरफ्तार किया। वारदात में शामिल दो बदमाशों को पुलिस पहले ही दबोच चुकी है, जबकि अभी आठ की गिरफ्तारी बाकी है।
12 मार्च की रात देवरीघाट पर लूटपाट करने वाली गैंग ने बुधवार रात फिर ठर्रों घाट पर धावा बोल दिया। यहां तैनात सुरक्षा कर्मी बदमाशोें के असामने आ गए और फायरिंग करने लगे। बदमाशों के हमले की जानकारी मिलने पर कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया और बदमाशों पर फायरिंग शुरू कर दी। बृहस्पतिवार तड़के चली मुठभेड़ के दौरान दो बदमाशों को गोली लगने के कारण खेमा व बब्लू घायल हो गए। पुलिस ने बदमाश बल्लू उर्फ रणविजय खंगार निवासी टोला खंगारा थाना चिकासी जिला हमीरपुर के पैर में गोली मारी, जबकि खेमा उर्फ खलक सिंह राजपूत निवासी उपरेखा थाना मुसकरा जिला हमीरपुर के दायें हाथ में गोली मारी, जो हाथ को चीरते हुए कंधे में लगी। दोनों घायल होकर जमीन पर गिर पड़े और पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। वहीं, रंजीत राजपूत निवासी उपरेखा थाना मुसकरा जिला हमीरपुर को भागते समय लाठी मारकर गिरा दिया और दबोच लिया। बदमाशों के अन्य साथी मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल दोनों बदमाशों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। यहां से दोनों को अदालत मेें पेश किया गया।
एसएसपी विनोद कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि तीनों के पास से दो देशी रायफल, तमंचे व कारतूस व बारह हजार आठ सौ रुपये बरामद किए। फरार बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें अब भी जंगल में डेरा जमाए हुए हैं। पकड़े गए बदमाशों पर कई मामले भी दर्ज हैं।
12 मार्च की रात देवरी घाट पर तंबू में बने अस्थायी दफ्तर में इन बदमाशों ने धावा बोल दिया था। बदमाशों ने कैशियर मुश्ताक खान की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इसके बाद सुरक्षा कर्मचारी रामशंकर और देवेंद्र पर कुल्हाड़ी से हमला कर घायल कर दिया था। इसके बाद पंद्रह लाख रुपये लूटकर भाग निकले थे। 23 मार्च को पुलिस टीम ने दो बदमाशों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।