झांसी रेल मंडल के 64 क्रॉसिंग पर गेटमैन नहीं
औरैया हादसे ने मानव रहित गेटों पर फिर सवाल खड़े किए
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
इटावा-औरैया के बीच मानव रहित फाटक पर कैफियत एक्सप्रेस से डंपर टकराने की घटना ने एक बार फिर रेलवे सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। कुछ ऐसी ही स्थिति झांसी रेल मंडल के 64 फाटकों का भी हैं, जहां गेटमैन की तैनाती नहीं है। हालांकि, रेलवे ने इन सभी फाटकों पर अंडरपास बनाने की योजना तैयार कर रखी है, जिस पर काम चल रहा है।
रेल बजट में मंडल के 243 क्रासिंग गेट बंद करने की घोषणा हुई थी, इसमें 64 मानव रहित हैं। मानव रहित रेलवे फाटकों पर अस्थायी गेटमैन तैनात करने की योजना कुछ साल पहले बनाई गई थी, मगर अब तक अमल नहीं हो सका है। हालांकि, इन गेटों पर ट्रैफिक न के बराबर है। मगर, मंगलवार की रात इटावा और औरैया के बीच मानव रहित गेट पर कैफियत एक्सप्रेस से डंपर के टकराने के बाद ऐसे गेटों की सुरक्षा फिर सवाल खड़े हो गए हैं। मंडल के 64 मानव रहित गेटों पर अगर सुरक्षा के इंतजाम नहीं किए गए तो यहां भविष्य में दुर्घटना न हो, इससे इंकार नहीं किया जा सकता है।
रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि सभी मानव रहित गेटों को बंद करके उनके नीचे अंडरपास बनाने की योजना पर काम चल रहा है। अभी तक 243 में ग्यारह गेटों पर अंडरपास बनाए जा चुके हैं।
इस योजना पर भी चल रहा है काम
रेल मंडल के 243 गेटों पर अंडरब्रिज और अंडरपास बनना है। इनमें झांसी-बिजौली के मध्य क्रासिंग नंबर 337, बिजौली-झांसी के मध्य क्रासिंग नंबर 366, खजराहा-बिजौली के मध्य क्रासिंग नंबर 363, जाखलौन-जीरौन के मध्य क्रासिंग नंबर 326, दौलता-जाखलौन के मध्य क्रासिंग नंबर 321, ललितपुर-दैलवारा के मध्य क्रासिंग गेट नंबर 331, माताटीला-बसई के मध्य क्रासिंग नंबर 350, बसई-बुढ़पुरा के मध्य क्रासिंग नंबर 352 व 353, करारी-दतिया के मध्य क्रासिंग नंबर 376, संदलपुर-कोटरा के मध्य क्रासिंग नंबर 387, अनंतपेठ-आंतरी स्टेशन के मध्य क्रासिंग नंबर 405 व 406, आंतरी-सिथौली के मध्य क्रासिंग नंबर 409 व 411, आगासौद-करौंदा के मध्य क्रासिंग नंबर 312 व 314, झांसी व कानपुर रेल लाइन के मध्य पड़ने वाले पामा-भीमसेन के मध्य क्रासिंग नंबर 234, 226 व 227, भीमसेन-गोविंदपुरी के मध्य क्रासिंग नंबर 236, मोंठ-एरच के मध्य क्रासिंग नंबर 152, भुआ-उरई के मध्य क्रासिंग नंबर 181, उरई-आटा के मध्य क्रासिंग नंबर 183, 187 व 188, आटा-कालपी के मध्य क्रासिंग नंबर 194, चौराहा-पनहाई के मध्य क्रासिंग नंबर 200, पामा-भीमसेन के मध्य क्रासिंग नंबर 229, भीमसेन-गोविंदपुरी के मध्य क्रासिंग नंबर 239, झांसी-गढ़मऊ के मध्य क्रासिंग नंबर 118 व 119, मुस्तरा-गढ़मऊ के मध्य क्रासिंग नंबर 123, मोंठ-एरच के मध्य क्रासिंग नंबर 155, पिरौना-एट के मध्य क्रासिंग गेट नंबर 169, एट-भुआ के मध्य क्रासिंग गेट नंबर 171 आदि शामिल हैं।