सात कोर्सों में छात्र 30 तक कंफर्म कराएं प्रवेश
- बीएससी (कृषि), एलएलबी, एमएससी के पांच कोर्सों का मामला
- बीयू 31 को जारी करेगा कॉलेज की लॉगिन आईडी पर मेरिट सूची
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने कैंपस और कॉलेजों में चल रहे बीएससी (कृषि), एलएलबी और एमएससी के पांच कोर्सों के लिए छात्रों को प्रवेश कंफर्म कराने के लिए 30 जुलाई तक का मौका दिया है। 31 जुलाई को कॉलेज की लॉगिन आईडी पर मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय ने बीएससी (कृषि), एलएलबी और एमएससी के मैथ, फिजिक्स, केमिस्ट्री, बॉटनी, जूलॉजी कोर्सों की ऑनलाइन काउंसलिंग 13 से 24 जुलाई तक आयोजित कराई थी। प्रथम काउंसलिंग के बाद छात्रों को तीन दिवसों में आवंटित शिक्षण संस्थान में ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म करने के निर्देश दिए गए थे। यदि छात्रों ने अब तक आवंटित कॉलेजों में ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म नहीं कराए हैं, तो उनके पास 30 जुलाई तक मौका है। 31 जुलाई को कॉलेज की लॉगिन आईडी पर सभी छात्रों की मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। इसके बाद बीयू कैंपस और संबंधित कॉलेज में रिक्त सीट पर इच्छुक अभ्यर्थी कॉलेज आवंटन के लिए संबंधित शिक्षण संस्थान में 16 अगस्त तक अपना ऑनलाइन प्रवेश कंफर्म करा सकते हैं। इसके लिए अभ्यर्थी को अपने साथ रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड लाना अनिवार्य होगा। इस प्रक्रिया में सिर्फ वही विद्यार्थी शामिल हो सकते हैं, जिन्होंने प्रवेश परीक्षा देकर काउंसलिंग में हिस्सा लिया हो। भले ही उन्हें कोई कॉलेज आवंटन हुआ हो या नहीं। फिर भी यदि सीटें रिक्त होती हैं, तो कॉलेज विज्ञापन देकर बची सीटों पर मेरिट के आधार पर 20 अगस्त तक प्रवेश ले सकते हैं। इसके लिए छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय की वेबसाइट www.bujhansi.ac.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन करना होगा। वहीं, कॉलेज के प्रबंधक अथवा प्राचार्य को कोर्सों में सीधे प्रवेश की मेरिट विश्वविद्यालय की प्रवेश सेल से अनुमोदित कराने के बाद ही प्रवेश कंफर्म करना होगा। निर्धारित तिथि के बाद ऑनलाइन कंफर्म नहीं होगा। उक्त कोर्सों में प्रवेश के लिए विद्यार्थियों के पास यह अंतिम मौका है।