बीयू का लोगो लगाएं
.............................
बीयू में काउंसलिंग आज से
- पहले दिन एमएससी मैथमेटिक्स और स्टैटिक्स के छात्रों को बुलाया
- सुबह नौ बजे से होगी शुरू, विद्यार्थियों को कई दस्तावेज लाने होंगे
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में बृहस्पतिवार से प्रवेश परीक्षा वाले कोर्सों की काउंसलिंग शुरू होगी। पहले दिन एमएससी मैथमेटिक्स और एमएससी स्टैटिक्स की आईटी बिल्डिंग में काउंसलिंग होगी। छात्र-छात्राओं को बीयू की वेबसाइट से डाउनलोड कर काउंसलिंग लेटर साथ लाना होगा। वहीं, जिनके लेटर डाउनलोड नहीं हो सके हैं, वो प्रवेश सेल से प्राप्त कर सकते हैं।
काउंसलिंग सुबह नौ बजे से शुरू होगी। कोर्स की अर्हता के अनुसार आवेदन करने वाले छात्र-छात्राओं को हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक का प्रमाणपत्र तथा अंकतालिका, जाति प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, आधार कार्ड, जिनके माता/पिता की वार्षिक आय दो लाख रुपये से कम है तो तहसीलदार द्वारा जारी आय प्रमाणपत्र, यदि कहीं सेवारत हैं तो कोर्स अवधि के लिए अवकाश प्रमाणपत्र की मूल एवं स्व प्रमाणित प्रतिलिपि लानी होगी। इसके अलावा यदि शारीरिक विकलांगता, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी, डिफेंस का क्लेम किया हो, तो इनकी भी मूल व स्व प्रमाणित कॉपी जरूर लानी होगी। काउंसलिंग के दौरान सबसे पहले सुबह नौ बजे से कैश काउंटर पर 250 रुपये काउंसलिंग फीस जमा होगी। अभ्यर्थियों को अर्हता परीक्षा की अंकतालिका काउंसलिंग के समय देनी होगी। परीक्षा के अंकों पर तैयार मेरिट के आधार पर ही छात्र-छात्राओं का प्रवेश होगा।
अर्ह परीक्षा में अभ्यर्थियों के प्राप्तांक बराबर होने पर आयु ज्यादा होने वाले विद्यार्थियों को वरीयता दी जाएगी। यदि कोई विद्यार्थी काउंसलिंग के समय उपस्थित नहीं होता है, तो वह प्रवेश के लिए दावा नहीं कर सकेगा। काउंसलिंग में सीट आवंटन के तुरंत बाद विश्वविद्यालय की निर्धारित शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा।