झांसी। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना अंर्तगत मंगलवार को राजकीय इंटर कॉलेज में सामूहिक विवाह आयोजित हुआ। इस दौरान धार्मिक संस्कारों के बीच 72 जोड़े दांपत्य सूत्र में बंधे। वैवाहिक कार्यक्रम में नवदम्पत्तियों के परिजनों समेत उनके ईष्ट-मित्र भी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के तौर पर उपस्थित महापौर रामतीर्थ सिंघल ने नवविवाहितों को अर्शिवचन देते हुए सुखमय भविष्य की कामना की। महापौर ने कहा योजना का मकसद बेटियों के हाथ पीले करने में आने वाली परेशानी को दूर करना है। सरकार की इस योजना का फायदा परिवार के लोगों को मिल रहा है। इसके बाद तयशुदा समय पर विभिन्न जोड़ों ने अपने धार्मिक विधान के हिसाब से वैवाहिक रस्में पूरी कीं। कार्यक्रम में झांसी नगर निगम से तीन, बरूआसागर नगर पालिका से एक, नगर पंचायत बड़ागांव से एक, बबीना से 25, विकास खंड बड़ागांव से 11, चिरगांव ब्लॉक से 18, गुरसराय एवं बामौर ब्लॉक से 12 जोड़ों का विवाह कराया गया। इस दौरान नगर आयुक्त अवनीश राय, अपर नगर आयुक्त शादाब असलम, उपनगर आयुक्त अमित सिंह, समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा.विनीत कुमार, पार्षद दिनेश सिंह, गायत्री गुप्ता, लखन कुशवाहा, सुशीला दुबे, जामवती, कांति छत्रपाल समेत अन्य उपस्थित रहे।
गर्मी से हलाकान रहे नवयुगल
विवाह आयोजन के मद में प्रति जोड़े के हिसाब से सरकार ने अलग से बजट का प्रावधान किया है लेकिन, इसके बावजूद आयोजन स्थल पर भारी अव्यवस्था देखने को मिली। नवयुगलों को जहां बिठाया गया था, वहां पंखे तक का इंतजाम नहीं किया गया था। सभी पसीने से लथपथ दिखाई पड़े। दुल्हन भारी मेकअप और आभूषणों के साथ पहुंची थीं। वह भी गर्मी से बेहाल दिखाई पड़ीं।
वधू के खाते में दिए गए 35 हजार
दांपत्य सूत्र में बंधने के बाद वधू के खाते में 35 हजार रुपये भी अब भेजे जाएंगे। इसके अलावा उन्होंने मंडप स्थल पर ही एक कीपैड का मोबाइल, दो साड़ी, एक सफारी सूट, एक चांदी की पायल, तीन लीटर का कुकर, एक टंकी समेत स्टील के बर्तन भी उपहार स्वरूप प्रदान किए गए।