महिलाओं ने तोड़ा दम, शव छोड़कर भागे ससुराल वाले
झांसी। दो अलग-अलग स्थानों से भर्ती कराई गई महिलाओं ने मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। दोनों मृतकों के ससुराल पक्ष के लोग मेडिकल कॉलेज में ही शव छोड़कर भाग गए। शुक्रवार सुबह मजिस्ट्रेट पंचनामा कराने पहुंचे, लेकिन ससुरालियों के न मिलने पर पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस दोनों ससुरालियों के घर पहुंचकर खोजबीन में जुटी रही।
थाना नवाबाद स्थित शिवम कुशवाहा की पत्नी दीक्षा (20) ने बृहस्पतिवार की शाम जहर खा लिया था। हालत बिगड़ने पर उसे उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान रात में ही दीक्षा ने दम तोड़ दिया था। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी कराने के लिए मजिस्ट्रेट भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। जहां ससुरालियों के न मिलने पर पोस्टमार्टम प्रक्रिया नहीं हो सकी। मजिस्ट्रेट की सूचना के बाद नवाबाद व चौकी विश्वविद्यालय पुलिस ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर परिजनोें को तलाशा, लेकिन पता नहीं चल सका। मामला गंभीर देख पुलिस ससुराल वालों के घर पहुंचने का प्रयास किया, लेकिन वह पुलिस को नहीं मिल सके। पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए तलाश में जुट गई है।
इधर, जालौन के थाना माधवगढ़ स्थित हरटोली निवासी कमल की पत्नी वर्षा (30) बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियाें में आग लगने के कारण झुलस गई थी। गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था। शुक्रवार को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मजिस्ट्रेट पोस्टमार्टम प्रक्रिया कराने मेडिकल कॉलेज पहुंचे, लेकिन ससुराल वालों के न मिलने पर जालौन पुलिस से संपर्क किया। माधौगढ़ पुलिस सूचना पाकर ससुराल पहुंची, लेकिन मकान पर ताला लटका होने के कारण पुलिस बैरंग लौट आई। यहां भी पुलिस मामला संदिग्ध मानकर जालौन पुलिस से संपर्क करती रही।