ग्वालियर मार्ग औद्योगिक क्षेत्र की सड़क होगी चौड़ी
झांसी। ग्वालियर मार्ग से औद्योगिक क्षेत्र तक की सड़क चौड़ी होगी। शासन ने इस पर सहमति दे दी है। 75 लाख रुपये भी जारी कर दिए हैं। अब टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू होगा।
औद्योगिक क्षेत्र बिजौली से पहले ग्वालियर मार्ग पर राजकीय पॉलीटेक्निक के पीछे औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया था। इस औद्योगिक क्षेत्र में तीस उद्यमियों थेे, जिसमें से 29 भूखंड आवंटित किए गए। 17 शेड भी बनाए गए, जिसमें से 16 शेड में इकाइयां चल रही हैं। इसके अलावा 1500 वर्ग मीटर क्षेत्रफल के इन भूखंडों में से 23 इकाइयां वर्तमान में काम कर रही हैं। 15 एकड़ में बने इस औद्योगिक क्षेत्र में इकाइयां काम कर रही हैं। अभी यहां पर झांसी- ग्वालियर मेन रोड से लगभग एक किलोमीटर की दूर तक डामर की सिंगल सड़क है। यहां पर भारतीय खाद्य निगम का गोदाम होने के कारण गेहूं खरीद के समय ट्रकों में गेहूं भरकर स्टोर करने के लिए आता है। सड़क पर ट्रकों की कतार लगी रहने के कारण आने- जाने वालों को निकलने का रास्ता तक नहीं मिलता है। यह स्थिति अप्रैल से लेकर जुलाई तक रहती है।
जिला उद्योग एवं उद्यम प्रोत्साहन केंद्र ने औद्योगिक क्षेत्र की सड़क चौड़ीकरण के लिए उप्र लघु उद्योग निगम लखनऊ को प्रस्ताव भेजा था। इस प्रस्ताव में सड़क को तीन मीटर चौड़ा करने, डिवाइडर बनाने, स्ट्रीट लाइट लगाने का काम कराना था। प्रस्ताव को पिछले साल भेजा गया था, लेकिन पैसा स्वीकृत होने में एक साल का लंबा समय लग गया।
उपायुक्त उद्योग सुधीर कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के लिए भेजे गए प्रस्ताव पर 75 लाख रुपये स्वीकृत हो गए हैं। टेंडर प्रक्रिया लखनऊ में ही पूरी होगी तथा ठेकेदार सड़क निर्माण का काम करेंगे। उम्मीद है कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी होगी।