देशद्रोही था जिन्ना, उसकी वजह से देश बंटा: खन्ना
- सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में बोले प्रदेश के नगर विकास मंत्री
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने सर्किट हाउस में पत्रकार वार्ता में कहा कि मोहम्मद अली जिन्ना देशद्रोही था। उसकी वजह से देश का बंटवारा हुआ। जिन्ना का भी आजादी में योगदान होने का बयान देने वाले कैबिनेट मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य पर कार्रवाई होने के सवाल पर बोले कि ये उनका निजी बयान है। वह उनके बयान से सहमत नहीं हैं।
गौरतलब है बीजेपी सांसद सतीश कुमार गौतम ने मंगलवार को अलीगढ़ में एक बयान दिया था कि अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में जिन्ना की फोटो लगाने का कोई औचित्य नहीं है। वे तो विभाजन में पाकिस्तान चले गए थे। एक सामूहिक विवाह कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए कानपुर पहुंचे प्रदेश सरकार के श्रम एवं समायोजन मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्य ने सांसद के बयान को बचकाना बताते हुए कहा कि महापुरुषों की फोटो हटवाने का अधिकार किसी को नहीं है। उन्होंने जिन्ना को महापुरुष कह दिया। बृहस्पतिवार को सर्किट हाउस में नगर विकास मंत्री सुरेश खन्ना ने जिन्ना को देशद्रोही कहा। बोले कि जिन्ना की वजह से हिंदुस्तान का बंटवारा हुआ। वह अपनी ही सरकार के मंत्री के बयान से इत्तेफाक नहीं रखते।
प्रदेश गड्ढा मुक्त न हो पाने के सवाल पर कहा कि गड्ढा सतत प्रक्रिया है। ये होते रहेंगे और सड़कें गड्ढा मुक्त भी की जाती रहेंगी। लोगों को आवागमन में असुविधा न हो ये सरकार की मंशा है। उन्होंने कहा कि झांसी में विद्युत शवदाह ग्रह शुरू करने के लिए जल्द ही 85 लाख रुपये दिए जाएंगे। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत झांसी में 3200 घर स्वीकृत हुए हैं। जबकि, प्रदेश में चार लाख आवासों की स्वीकृति मिली है। 21 से 30 वर्ग मीटर की जगह वाले लोग इसके लिए आवेदन कर सकते हैं। उन्हें सरकार की तरफ से 2.5 लाख रुपये दिए जाते हैं। कहा कि शहर की पानी की समस्या के समाधान के लिए 900 करोड़ की अमृत योजना पर काम चल रहा है।