------
नगर निगम बजा रहा था झूठ का ढोल, बारिश ने खोली पोल
सब हेड: एक घंटे की बरसात में उफनाए सभी नाले और नालियां, घरों में घुसा गंदा पानी
क्रासर
देर शाम तक कई जगह भरा रहा पानी, कचरा बजबजाने से बदबू से परेशान रहे लोग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
सोमवार दोपहर को एक घंटे तक हुई झमाझम बारिश ने नगर निगम के नालों की सफाई के दावों की पोल खोल दी है। सफाई न होने के कारण शहर के सभी नाले और नाली उफना गए और उनका गंदा पानी लोगों के घरों में घुस गया। देर शाम तक कई इलाकों में पानी भरा रहा। गंदगी के बजबजाने से लोग दिन भर बदबू के कारण परेशान रहे।
दोपहर एक बजे से बरसात शुरू हुई और कुछ ही देर में पानी तेज बरसने लगा। जैसे-जैसे पानी की रफ्तार बढ़ी वैसे-वैसे नाले और नालियां उफनाने लगे। देखते ही देखते कई जगह जलभराव हो गया। उफनाए नालों का गंदा पानी तेज धार के साथ लोगों के घरों में घुस गया। सड़क पर पड़ी गंदगी भी पानी की धार के साथ घरों में घुसी। बारिश रुकने के एक घंटे बाद मुख्य मार्गों पर जमा पानी निकल गया और रास्ते साफ हो गए। लेकिन, गलियों और नालों के पास के मुहल्लों में देर शाम तक पानी जमा रहा। पानी जीवनशाह से ग्वालियर रोड पर बीएसएनएल आफिस के बाहर मेन रोड पर पानी की निकासी सही नहीं होने से जलभराव हो गया।
------
पीडीएफ : जी ड्राइव में नाला और नाला वन के नाम से
------------
अमर उजाला ने पहले ही चेताया था
गंदे और संकरे नालों के कारण बारिश में हमेशा जलभराव की समस्या होती है। अमर उजाला लगातार इस पर खबरें प्रकाशित करके नगर निगम को चेता रहा था। नगर आयुक्त ने इसका संज्ञान लेकर निरीक्षण किया, अफसरों को निर्देश भी दिए, लेकिन अफसरों के लापरवाह रवैये के कारण व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं हो सकी। नालों पर अवैध कब्जों के कारण उनकी सफाई नहीं हो सकी। नगर निगम के अफसर सिर्फ कब्जों को चिह्नित करने की बात कहकर अपनी जिम्मेदारी से मुक्त होते रहे। कब्जेदारों से कर्मचारियों की मिलीभगत और अफसरों का बेपरवाह रवैया लोगों के लिए मुसीबत बन गया। अभी तो बारिश का आगाज हुआ है। यदि नगर निगम अभी भी नहीं चेता तो आने वाले दिनों में यह समस्या और भी विकराल हो जाएगी।
आवागमन ठप रहा
तेज पानी बरसने के कारण पंचकुइयां से निकले नाले में पानी वाली धर्मशाला (तालाब) मार्ग पर पानी भर गया, जिससे वाहनों का आवागमन रुक गया। कोतवाली की ढाल से गंदीगर टपरा मार्ग पर भी पानी भर गया। इसी तरह सुभाष गंज में पानी की निकासी सही नहीं होने के कारण दुकानों के बाहर पानी भर गया। बड़ागांव गेट बाहर और नारायण बाग रोड पर पानी भर गया।
यहां ज्यादा दिक्कत
पानी बरसने से सर्वाधिक परेशानी गल्ला मंडी रोड पर स्थित बकरामंडी, बंगलाघाट, गुदरी, गायत्रीकॉलोनी, बड़ागांव गेट बाहर, इंद्रपुरी कालोनी, पठौरिया, बिहारीपुरा, झरनागेट व छनियापुरा नाला के किनारे बने मकानों में पानी भर जाने से ज्यादा दिक्कत होती है।
मेहंदी बाग नाले का पानी घरों में घुसा
मेहंदी बाग में बने नाले का पानी ओवरफ्लो हो जाने के कारण आसपास के घरों में घुस गया। दरअसल, इस नाले में आंतियाताल और कुंजबिहारी मंदिर के नाले का पानी आता है। नाला संकरा और सिल्ट से भरा होने के कारण ओवरफ्लो हो जाता है।
दिक्कत है मेहंदी बाग में
मेहंदी बाग में जितना पानी आता है, उसके सापेक्ष नाले की क्षमता कम है। इसलिए नाले को दो भागों में बांटकर पानी की निकासी का प्लान तैयार किया गया है। देखा जा रहा है कि क्या उपाय किया जा सकता है, जिससे जलभराव न हो। जल्द ही जलभराव का समाधान किया जाएगा।
- प्रताप सिंह भदौरिया
नगर आयुक्त