मंच पर मॉडलिंग में दिखा बुंदेली रंग
- फाइनल राउंड में पहुंचने के लिए लगाया जोर
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बुंदेलखंड की प्रतिभाओं को मंच देकर उनके अंदर छिपी कला को निखारने के लिए सिंगिंग, डांसिंग और मॉडलिंग प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मंगलवार को दीनदयाल उपाध्याय सभागार में आयोजित किया गया। मॉडलिंग के सीनियर वर्ग में बुंदेलखंड के परिधानों का जलवा नजर आया।
बुंदेलखंड टैलेंट वार के बैनर तले हुई प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने नए और पुराने गीत गाए। छोटे प्रतिभागियों ने भी गायन प्रतियोगिता में अपना लोहा मनवाया। कुछ यही हाल डांस का रहा। प्रतियोगियों ने शास्त्रीय और वेस्टर्न डांस की शानदार प्रस्तुति दी। इसके अलावा मॉडलिंग में नन्हें मॉडलों ने रैंप पर वॉक कर सीनियर वर्ग के प्रतिभागियों को टक्कर दी। मॉडलों ने वेस्टर्न के साथ बुंदेलखंड परिधानों में रैंप वॉक किया। सीनियर वर्ग में भी बुंदेली रंग नजर आया, जो खूब सराहा गया। अलग-अलग वर्गोें में आयोजित हुई प्रतियोगिताओं में 112 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
कार्यक्रम में सिंगिंग निर्णायक अंबिका, डांस निर्णायक दीपक साहू और मॉडलिंग निर्णायक भूमिका रहीं। तीनों जजों ने बेहतरीन कलाकारों का चयन कर उन्हें फाइनल राउंड के लिए एंट्री कार्ड दिया। फाइनल राउंड के चुने गए प्रतिभागियों को फाइनल राउंड में बेहतर प्रदर्शन प्रस्तुत करने के लिए निर्णायक मंडली उन्हें निखारने का काम करेंगे। इस मौके पर राजू झा, सलमान, रफीक भाई सहित अन्य मौजूद रहे।