बालू खनन 30 सितंबर तक बंद
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी।
जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान ने आदेश जारी किया है कि बालू खनन 30 सितंबर तक बंद रखा जाए। यदि कहीं शिकायत मिली तो कार्रवाई की जाएगी। बारिश शुरू हो गई है और इसी कारण खनन बंद करवाया जा रहा है।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन ने 01 जुलाई से 30 सितंबर तक बालू का खनन कार्य बंद करने के निर्देश दिए हैं। सभी एसडीएम, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, ग्राम पंचायत के लेखपाल और ग्राम पंचायत अधिकारी किसी भी दशा में बालू का खनन नहीं होने देंगे तथा ग्राम सभा और शासकीय संपत्ति के रक्षक के तौर पर बालू घाटों की सुरक्षा कराएंगे। यदि किसी स्थान पर नदी या पहाड़ का प्राकृतिक स्वरूप नष्ट किया जाता है तो इसकी सूचना एसडीएम, तहसीलदार, थानाध्यक्ष, खान अधिकारी, अपर जिला अधिकारी व जिलाधिकारी को दें। जिलाधिकारी का मोबाइल नंबर 09454417547, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) का मोबाइल नंबर 09454417618 तथा खान अधिकारी का मोबाइल नंबर 07376655999 है। इन नंबरों पर बालू खनन की सूचना दी जा सकती है।
- अवैध खनन की सूचना डीएम को मोबाइल नंबर पर दें