झांसी। कोरोना की तीसरी लहर के मद्देनजर निक्कू, पिक्कू के लिए सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों के 600 कर्मचारियों को तैयार किया जा रहा है। इसके लिए मेडिकल कॉलेज में उनकी ट्रेनिंग शुरू हो गई है। मंगलवार को डॉक्टरों ने उन्हें मशीनों और इलाज के बारे में प्रशिक्षण दिया।
मेडिकल कॉलेज के कोविड अस्पताल में हुए प्रशिक्षण में बालरोग विभागाध्यक्ष डॉ. ओमशंकर चौरसिया ने बताया कि तीन चारणों में एक-एक बैच को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। शुरूआत में मेडिकल कॉलेज के 280 कर्मचारियों को ट्रेनिंग दी जा रही है। इसके बाद जिला अस्पताल, रेलवे अस्पताल और फिर नर्सिंगहोमों के कर्मचारियों को बच्चों के इलाज की बारीकियां, मशीनों को लेकर प्रशिक्षित किया जाएगा। मंगलवार को उन्होंने स्टाफ को क्रोम, मास्क, हाई फ्लो, वेंचुरी, नॉन री-ब्रीथिंग मास्क के अलावा पल्स ऑक्सीमीटर, वार्मर, मल्टी पैरा मॉनीटर, ऑक्सीजन कंसट्रेटर की जानकारी दी। वहीं, डॉ. अंशुल जैन, डॉ. आराधना कनकने, डॉ. अनुज सेठी, डॉ. सपना गुप्ता, डॉ. कंवलप्रीत ने सीपीआर, वाईपैपे, सीपैप, एचएफएनसी, वेंटिलेटर पर क्या-क्या ध्यान देना है, इस बारे में बताया।