झांसी। पंचायत चुनाव के चलते लोहिया आवास के लाभार्थियों को धनराशि आवंटित नहीं हो सकी है। जिले में स्वीकृत 577 लोहिया आवास के लाभार्थियों में से सिर्फ 79 को ही राशि मिल पाई। शेष लाभार्थी अपने सत्यापन के लिए अफसरों की बाट जोह रहे हैं।
वित्तीय वर्ष 2015-16 में जिले में 21 गांव राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम विकास योजना के तहत चुने गए। सभी ग्रामों में 25-25 आवास बनने हैं। इसके अलावा कुल आवास 525 के दस प्रतिशत 52 आवास जिलाधिकारी विशेषाधिकार का प्रयोग कर किसी भी पात्र व्यक्ति को आवंटित कर सकते हैं।
आवासों के लिए सभी 577 पात्रों का चयन कर लिया गया है। पात्रों के चयन के बाद उनका सत्यापन होता है। सत्यापन के लिए शासनादेशानुसार कमेटी गठित की जाती है, इसमें एक जिलास्तरीय अधिकारी, एक राजस्व विभाग का अधिकारी व ब्लाक स्तरीय अधिकारी शामिल होता है। यह लोग चयनित लाभार्थियों की पात्रता का सत्यापन करते हैं। कमेटी के अधिकारी चुनाव में व्यस्त रहने के कारण अभी तक महज 79 लोगों का ही सत्यापन कर पाए हैं, जिनकी रिपोर्ट शासन को भेज कर पैसा आवंटित करा दिया गया है।
लाभार्थियों को अब नये साल में ही धन आवंटित होने की संभावना है। क्योंकि, 12 दिसंबर तक ग्राम प्रधान चुनाव की प्रक्रिया चलनी है। 12 दिसंबर तक कमेटी जांच नहीं कर पाएगी। उसके बाद जांच होने पर रिपोर्ट भेजी जाएगी, इसके बाद ही धनराशि आवंटित होगी। इस प्रक्रिया में एक माह से अधिक का समय लगना तय है, ऐसे में जनवरी 2016 या उसके बाद ही धन आवंटित होने की संभावना है।
यह हैं पात्रता के मानक
लोहिया आवास के पात्रों के पास 80 वर्ग मीटर जगह होनी चाहिए। उसके पास कच्चा आवास और वार्षिक आय 36 हजार रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
लाभार्थी को मिलते हैं 2.75 लाख रुपये
उत्तर प्रदेश सरकार लोहिया ग्रामीण आवास योजना के तहत चयनित लाभार्थियों को 2.75 लाख रुपये देती है। इससे पूर्व लाभार्थियों को एक लाख 60 हजार रुपए की धनराशि दी जाती थी। लाभार्थियों को मिलने वाली राशि में सोलर सिस्टम लाइट और पंखा आदि के लिए 30 हजार रुपये का अनुदान भी शामिल है।
पंचायत चुनाव में व्यस्तता के कारण लाभार्थियों की सत्यापन प्रक्रिया नहीं हो पाई है। चुनाव समाप्त होने के बाद प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी।
प्रहलाद सिंह, परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण