पूंछ (झांसी)। थाना पूंछ के ग्राम फतेहपुर स्टेट के ओवर ब्रिज के पास कार्तिक स्नान कर लौट रहीं महिलाओं व युवतियों के साथ गांव के ही मनचलों ने अभद्रता कर मारपीट कर दी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई पर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। मजबूरन पीड़ित महिलाओं ने एक नंबर भरोसे पर शिकायत की।
शिकायत के बाद आनन- फानन में पूंछ पुलिस सक्रिय हुई तथा आरोपियों की धरपकड़ के लिए दबिश दी गई। देर रात तक मुकदमा पंजीकृत नहीं किया गया था। कुछ लोग मामले को निपटाने में लगे रहे। घटना के संबंध में बताया गया कि थाना पूंछ के ग्राम फतेहपुर स्टेट में कार्तिक के महीने में महिलाएं एवं युवतियों द्वारा कार्तिक स्नान किया जा रहा है। शनिवार को सुबह करीब सात बजे धार्मिक परंपरा के अनुसार ठाकुर जी की खोज में गांव की करीब दो दर्जन से अधिक महिलाएं एवं युवतियां एक ट्रैक्टर पर सवार होकर अपने परिजनों के साथ समीपवर्ती ग्राम पिरौना के पास ऐतिहासिक धार्मिक स्थल जागेश्वर सरकार धाम बेतवा नदी सलाघाट पर स्नान करने गईं हुईं थीं।
महिलाओं के ट्रैक्टर के पीछे फतेहपुर गांव के ही कुछ मनचले लड़के बाइकों पर सवार होकर सलाघाट पहुंच गए। महिला श्रद्घालुओं का आरोप है कि जागेश्वर सरकार धाम से वापिस आते समय मनचले युवक बाइकों पर सवार होकर ट्रैक्टर के पीछे चल रहे थे और रास्ते में युवतियों तथा महिलाओं को देखकर अश्लील हरकतें कर रहे थे।
मनचलों की हरकतों का विरोध ट्रैक्टर पर सवार श्रद्घालु महिलाओं व उनके परिजनों तथा ट्रैक्टर चालक ने किया तो आरोपी उग्र हो गए तथा जब ट्रैक्टर फतेहपुर स्टेट गांव के ओवरब्रिज के नीचे पहुंचा तो युवकों ने ट्रैक्टर को ओवरटेक कर रोक लिया और सारी सीमाएं लांघते हुए महिलाओं एवं युवतियों के साथ अभद्रता करने लगे। ट्रैक्टर चालक एवं महिलाओं के साथ चल रहे उनके परिजनों ने जब इसका विरोध किया तो करीब एक दर्जन मनचले युवकों ने ट्रैक्टर से खींचकर उन लोगों की मारपीट कर दी।
इतना ही नहीं महिलाओं एवं युवतियों के साथ छीना झपटी कर अभद्रता की गई। युवक करीब आधा घंटे तक जमकर तांडव करते रहे। इसके बाद सभी को धमकाकर बाइकों से भाग गए। मारपीट में करीब पंद्रह महिलाएं और उनके परिजनों को चोटें आईं हैं। आनन-फानन में ट्रैक्टर चालक पीड़ितों को लेकर पूंछ थाने पहुंचा और पुलिस को घटना की जानकारी दी, लेकिन पुलिस ने पीड़ितों की नहीं सुनी और थाने से भगा दिया।
कुछ देर बाद जब आईजी जोन कानपुर के एक नंबर भरोसे से पूंछ पुलिस से पूछा गया कि महिलाओं के साथ हुई छेड़छाड़ में क्या कार्रवाई की गई। आईजी के निर्देश के बाद पुलिस सक्रिय हुई । पीड़ितों के घर भी पुलिस पहुंची तथा घटना की जानकारी ली। मुकदमा दर्ज करवाने की बात कही। थानाध्यक्ष उदयभान गौतम ने बताया है कि इस मामले में 11 युवकों की नामजद शिकायत प्राप्त हुई है।